
भारतीय रेल के टीटी और छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी टी.एस. प्रकाश राव की सफलता की अनोखी गाथा
तैयार किए खिलाड़ियों ने भूटान में जीते अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक
NTN NEWS REPORT// 16 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ के अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी टी.एस. प्रकाश राव न सिर्फ देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ी रहे हैं, बल्कि आज भी खेल जगत में नई प्रतिभाओं को तराशने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रह चुके प्रकाश राव को उनके उत्कृष्ट खेल अनुभव और योगदान के आधार पर वर्ष 2005 में भारतीय रेल, बिलासपुर मंडल में टिकट कलेक्टर (टीटी) के पद पर नियुक्त किया गया।
प्रकाश राव ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों, सहयोगियों और अभिभावकों के मार्गदर्शन की वजह से वे निरंतर खेल से जुड़े रहे और नई पीढ़ी को प्रशिक्षण देते हुए आज भी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। उनकी मेहनत और प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि उनके मार्गदर्शन में तैयार किए गए दो खिलाड़ी—आलोक और आकाश—भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए भूटान तक पहुँचे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया।
उन्होंने बताया कि टिकट चेकिंग विभाग में सीटीआई रवि ढाल का हमेशा उन्हें विशेष सहयोग मिलता रहा है। वहीं उनके इंचार्ज एवं वरिष्ठ डीसीएम अनुराग, जो खेल अधिकारी भी हैं, उनके सतत मार्गदर्शन ने ही प्रकाश राव को लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। इन दोनों अधिकारियों के समर्थन के कारण ही उन्हें बड़े स्तर पर उपलब्धियाँ हासिल करने के अवसर मिलते रहे।
इसके साथ ही बिलासपुर के खेल अधिकारी डीजीएम माथुर के महत्वपूर्ण सहयोग का जिक्र करते हुए प्रकाश राव ने कहा कि माथुर के समर्थन ने उनके खेल करियर को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान की है।
टी.एस. प्रकाश राव की यह प्रेरक यात्रा साबित करती है कि सही मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और समर्पण से न सिर्फ एक खिलाड़ी नए मुकाम हासिल कर सकता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता दिला सकता है।