
घोघरा नाला में शराबखोरी से शुरू हुआ विवाद बना हत्या का कारण — चांपा पुलिस ने महज़ कुछ घंटों में 6 आरोपियों को दबोचा
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा,16 नवंबर 2025। घोघरा नाला क्षेत्र में शुक्रवार रात शराब पीने के दौरान हुए मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। गाली-गलौज की बात को लेकर शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि छह युवकों ने मिलकर एक युवक की डंडे से पिटाई कर और गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन चांपा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र कुछ ही घंटों में घेराबंदी कर सभी आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
आरोपी
1. सागर कर्ष (27 वर्ष)
2. नागेश्वर नायडू (23 वर्ष)
3. अश्वनी कुमार सतनामी (24 वर्ष)
4. विजय श्रीवास (25 वर्ष)
5. विनय कुर्रे (29 वर्ष)
6. आकाश उर्फ अज्जू साहू (25 वर्ष)
सभी निवासी — घोघरा नाला, चांपा थाना क्षेत्र, जिला जांजगीर-चांपा
घटना का विस्तृत विवरण
प्रार्थी प्रमोद कुर्रे, निवासी घोघरा नाला ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 15.11.25 की रात करीब 8 बजे घोघरा नाला स्थित रवि चतुर्वेदानी की किराना दुकान के पास सागर कर्ष अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान रोहित महंत वहां आया और सागर को गंदी-गंदी गालियां देने लगा। विवाद बढ़ने पर सागर ने रोहित को 3–4 थप्पड़ मार दिए, जिसके बाद रोहित वहां से भाग गया।
कुछ देर बाद सागर कर्ष अपने साथियों नागेश्वर, अश्वनी, विजय, विनय और आकाश (अज्जू) के साथ नदी किनारे मुक्तिधाम के पास बैठा था। रात लगभग 9:30 बजे रोहित महंत पुनः वहां पहुंचा और फिर से बदसलूकी करते हुए गाली-गलौज करने लगा। बार-बार अपमानित करने से झल्लाकर सागर और उसके साथियों ने एक राय होकर रोहित पर हमला कर दिया।
नागेश्वर, अश्वनी, विजय, विनय और आकाश ने रोहित के हाथ-पैर पकड़ लिए और सागर कर्ष ने डंडे से उसके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे रोहित बेहोश होकर गिर पड़ा। इसके बाद सागर और अन्य आरोपियों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के तुरंत बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। रिपोर्ट दर्ज होते ही चांपा थाने में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
एसपी के निर्देश पर फौरन कार्रवाई — चंद घंटों में छहों आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जिस पर चांपा पुलिस ने टीम गठित कर घेराबंदी शुरू की। जांच के दौरान आरोपी लगातार पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन कड़ी पूछताछ में सभी ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली। सागर कर्ष के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया गया। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान : इस पूरी कार्रवाई में—
निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा) उप निरीक्षक उपेंद्र मिश्रा उप निरीक्षक दादूरैया ठाकुर सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह आरक्षक वीरेश सिंह, मुद्रिका दुबे, जय उराव, शंकर राजपूत, आकाश कलोसिया, भूपेंद्र गोस्वामी का विशेष योगदान रहा।