
नोटिस देने पहुंचे पंचायत सचिव पर हमला, आरोपी गिरफ्तार
बलौदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
NTN NEWS REPORT//जांजगीर-चांपा,18अप्रैल 2026। बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुरमा में शासकीय कार्य के दौरान पंचायत सचिव पर हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कुरमा निवासी अजय कुमार खूटे (36 वर्ष) को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 40 हजार रुपये की प्रथम किस्त प्राप्त हुई थी। राशि प्राप्त होने के बावजूद निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किए जाने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) द्वारा संबंधित हितग्राही को नोटिस जारी किया गया था।
07 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे पंचायत सचिव अपने सहयोगियों के साथ उक्त नोटिस तामील कराने अजय कुमार खूटे के निवास पर पहुंचे। इस दौरान आरोपी ने नोटिस लेने से साफ इनकार कर दिया और पंचायत सचिव के साथ गाली-गलौज करने लगा। जब सचिव अपने सहयोगियों के साथ वापस लौटने लगे, तब आरोपी घर से बाहर आया और उन्हें रोक लिया। उसने जान से मारने की धमकी देते हुए लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे पंचायत सचिव को चोटें आईं।
घटना की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 221, 121(1) एवं 132 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, आरक्षक रज्जू रात्रे एवं महिला आरक्षक चन्द्रप्रभा शांतेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।