Advertisment
Advertisment
स्थानीय समाचार / शहर की खबरें

ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी में उत्सवपूर्वक मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस एवं छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस

NTN NEWS REPORT// जांजगीर। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी में दिनांक 31 अक्टूबर एवं 1 नवम्बर 2025 को दो महत्वपूर्ण अवसरों — राष्ट्रीय एकता दिवस एवं छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस — को हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। दोनों आयोजनों का संचालन संस्था के संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के निर्देशन में किया गया।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन

दिनांक 31 अक्टूबर 2025 को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना प्रांगण में सरदार वल्लभभाई पटेल के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण से हुई। इसके पश्चात् शिक्षकों ने विद्यार्थियों को लौहपुरुष पटेल के जीवन, उनके योगदान और भारत के एकीकरण में उनकी भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

विद्यालय परिवार ने एकता, अखंडता और राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। तत्पश्चात् खेल मैदान में आयोजित “रन फॉर यूनिटी” में कक्षा 7वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के साथ दौड़ लगाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को सरदार पटेल के जीवन पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म दिखाई गई तथा परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर विशेष गतिविधि

1 नवम्बर 2025 को विद्यालय में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को राज्य के इतिहास, गठन और गौरवशाली परंपराओं के बारे में बताया। उन्हें अवगत कराया गया कि छत्तीसगढ़ राज्य का गठन 1 नवम्बर 2000 को मध्यप्रदेश से पृथक कर किया गया था। इसका प्राचीन नाम दक्षिण कोसल था, जो बाद में “छत्तीस गढ़” (36 किलों) के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

इस अवसर को और भी खास बनाने के लिए विद्यालय परिवार ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद साझा किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक साथ बैठकर स्थानीय व्यंजनों का आनंद लिया, जिससे आपसी एकता और सांस्कृतिक गर्व की भावना प्रकट हुई।

संस्था संचालक आलोक अग्रवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह ने इस अवसर पर सभी को छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दीं और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, एडमिन स्टाफ एवं ग्राउंड स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!