
बालिका से छेड़छाड़ करने वाला अधेड़ गिरफ्तार, महिला थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में भेजा न्यायिक रिमांड पर
NTN REPORT// रायगढ़, 10 जनवरी। महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने किशोर बालिका से छेड़छाड़, अश्लील हरकतें करने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक अधेड़ व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ सहित पॉक्सो एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है।
पीड़ित बालिका ने 9 जनवरी 2026 को महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बालिका ने बताया कि वह आईटीआई कॉलोनी, चक्रधरनगर निवासी बजरंग चौहान (उम्र 40 वर्ष) को पहले से जानती थी। घटना 8 जनवरी 2026 की है, जब वह शाम करीब 7:30 बजे स्कूटी से अपनी मां को लेने जा रही थी।
बालिका के अनुसार सिटी कॉलेज बेलादुला के पास मुस्लिम कब्रिस्तान के सामने सुनसान सड़क पर आरोपी मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए आया और स्कूटी के समानांतर चलने लगा। इस दौरान आरोपी ने साथ चलने की बात कहते हुए बुरी नीयत से बालिका के पहने स्वेटर को खींचा, अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।
घटना से भयभीत बालिका वहां से स्कूटी लेकर भागी और कमला नेहरू पार्क, रायगढ़ पहुंची, जहां उसने अपनी मां को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद आरोपी वहां भी पहुंच गया और बालिका व उसके परिजनों के साथ गाली-गलौज करने लगा।
पीड़ित की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत आरोपी के विरुद्ध धारा 78, 74, 75(2), 76, 296, 351(3) बीएनएस एवं धारा 8 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
मामला दर्ज होते ही महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश दी और उसे हिरासत में लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 एएस 1652 को चाबी सहित जप्त किया है।
पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी एवं विवेचना की कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह तथा महिला थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।