Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय, सत्ता के दुरुपयोग से दबाई गई थी जनता की आवाज : रजनीश सिंह

जांजगीर-चांपा भाजपा की प्रेस वार्ता में आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर निशाना, लोकतंत्र की रक्षा के लिए जागरूक रहने का किया आह्वान

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा द्वारा भाजपा जिला कार्यालय में आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अध्यक्ष, केंद्रीय सहकारी बैंक बिलासपुर संभाग रजनीश सिंह ने वर्ष 1975 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताया।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए रजनीश सिंह ने कहा कि 25 जून 1975 की मध्यरात्रि को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा देश में आपातकाल लागू किया गया था। यह निर्णय भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सबसे बड़ा प्रहार था, जिसने संविधान, नागरिक अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को गंभीर रूप से प्रभावित किया।

उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान संविधान द्वारा दिए गए मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया था। प्रेस पर सेंसरशिप लागू कर दी गई, न्यायपालिका की स्वतंत्रता को प्रभावित करने के प्रयास हुए और विपक्षी नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा छात्र नेताओं को बिना पर्याप्त कारणों के जेलों में बंद किया गया।

रजनीश सिंह ने कहा कि उस दौर में सत्ता के बल पर लोकतंत्र की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया। देशभर में भय और दमन का वातावरण बना, सरकार की नीतियों की आलोचना करना भी अपराध जैसा माना जाने लगा। कई समाचार पत्रों के प्रकाशन पर रोक लगाई गई और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कठोर प्रतिबंध लगाए गए।

उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी सहित अनेक लोकतंत्र सेनानियों ने जेलों में रहकर भी लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके त्याग और संघर्ष के कारण ही देश में दोबारा लोकतांत्रिक व्यवस्था की बहाली संभव हो सकी।

भाजपा नेता ने कहा कि आपातकाल केवल एक राजनीतिक घटना नहीं थी, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था पर किया गया संगठित हमला था। इससे सीख लेते हुए प्रत्येक नागरिक को लोकतंत्र, संविधान और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहना चाहिए।

उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में आपातकाल के विरोध में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से नई पीढ़ी को उस दौर की वास्तविक परिस्थितियों से अवगत कराया जा रहा है, ताकि लोकतंत्र के महत्व को समझा जा सके।

प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला महामंत्री नंद चौधरी, जिला महामंत्री श्रीमती नंदनी राजवाड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी, रवि पांडे, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रियंका सिंह, प्रदीप शराफ, जिला मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी तथा पुष्पेंद्र निर्मलकर सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!