नारी शक्ति वंदन बिल पर जिला पंचायत अध्यक्ष की दो टूक: 33% आरक्षण से बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी, विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप
NTN NEWS REPORT// जांजगीर, 29 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी ने बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बिल महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण से सीधे जुड़ा हुआ है, जिसके तहत उन्हें 33 प्रतिशत सीटों पर आरक्षण प्रदान किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में मिरी ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का एक मजबूत माध्यम बनेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस बिल का समर्थन न करके आम लोगों, विशेषकर महिलाओं के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है, जिससे उन्हें उनके अधिकारों से वंचित रखा जा सके।
उन्होंने बताया कि लोकसभा से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक महिलाओं की भागीदारी पहले की तुलना में लगातार बढ़ रही है। जांजगीर जिला पंचायत का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में 13 महिला सदस्य सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभा रही हैं और आगे भी महिलाओं की सहभागिता और बढ़ेगी।
जल जीवन मिशन पर भी दिया जोर
प्रेस वार्ता के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर पानी टंकियों का निर्माण और घर-घर नल कनेक्शन पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इस योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में इन कार्यों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। जहां कहीं भी निर्माण कार्य में लापरवाही सामने आती है, वहां तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
धरातल पर दिखेगा काम
मिरी ने कहा कि आने वाले समय में जिला पंचायत की सभी योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधि जमीनी स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य करते नजर आएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
इस प्रेस वार्ता की खास बात यह रही कि इसमें महिला जनप्रतिनिधियों की भागीदारी शत-प्रतिशत रही। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि विवेक गोपाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।