
नियुक्ति आदेश के बदले 40 हजार की रिश्वत लेते सहकारी निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार, एसीबी की बड़ी कार्रवाई
NTN NEWS REPORT//सरगुजा, 17 दिसंबर 2025।
जिले में सहकारी समिति में नियुक्ति आदेश जारी करने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसीबी अंबिकापुर की टीम ने सहकारी निरीक्षक अभिषेक सोनी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम करसी, तहसील व थाना प्रतापपुर, जिला सरगुजा निवासी 25 वर्षीय शुभम जायसवाल ने दिनांक 17 दिसंबर 2025 को उप पुलिस अधीक्षक एसीबी अंबिकापुर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भारत सरकार के राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम के माध्यम से जिला सरगुजा के विकासखंड रामानुजनगर, प्रेमनगर, सरगुजा, बैकुंठपुर एवं प्रतापपुर में छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 के तहत 01-01 (कुल-05) बहुउद्देश्यीय किसान उत्पादक सहकारी समितियों का गठन किया गया है।
इन समितियों में कार्यालय अधिकारी/प्रबंधक तथा लेखापाल के पदों पर तीन वर्ष की अवधि के लिए संविदा नियुक्ति की जानी थी। इसी क्रम में मां समलेश्वरी बहुउद्देश्यीय कृषक उत्पादक सहकारी समिति मर्यादित, टकुडांड, पं.क्र. 455 जिला सरगुजा के लिए पात्र-अयोग्य सूची 01 दिसंबर 2025 को जारी की गई, जिसमें शुभम जायसवाल का नाम लेखापाल पद हेतु पात्र सूची में शामिल था।
इसके पश्चात 05 दिसंबर 2025 को दक्षता परीक्षा एवं साक्षात्कार का आदेश जारी किया गया, जिसमें शुभम जायसवाल ने उपस्थित होकर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, टाइपिंग टेस्ट एवं इंटरव्यू दिया।
शिकायत के अनुसार चयन सूची जारी करने एवं नियुक्ति आदेश देने के एवज में सहकारी निरीक्षक अभिषेक सोनी द्वारा शुभम जायसवाल से 1,50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई। बाद में बातचीत के दौरान राशि घटाकर पहले 1 लाख रुपये और फिर 80 हजार रुपये तय किए गए। अंततः प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।
शिकायत का सत्यापन कराए जाने के बाद एसीबी द्वारा योजनाबद्ध कार्रवाई की गई। दिनांक 17 दिसंबर 2025 को रात लगभग 8:25 बजे शुभम जायसवाल 40 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेकर आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला सरगुजा के उपयुक्त सहकारिता कक्ष क्रमांक-01 पहुंचे। जहां सहकारी निरीक्षक अभिषेक सोनी ने रिश्वत की राशि प्राप्त कर उसे अपनी जैकेट की जेब में रख लिया और नियुक्ति आदेश अगले दिन 18 दिसंबर 2025 को देने की बात कही।
इसी दौरान एसीबी अंबिकापुर की टीम ने मौके पर दबिश देकर सहकारी निरीक्षक अभिषेक सोनी को रिश्वत की रकम 40 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई जारी है।