
नगर पंचायत बोदरी में नक्शा पास कराने के नाम पर रिश्वतखोरी का पर्दाफाश, बाबू और सीएमओ रंगे हाथ गिरफ्तार
NTN NEWS REPORT// बिलासपुर। जिला बिलासपुर के नगर पंचायत बोदरी में नक्शा पास कराने के नाम पर रिश्वत मांगने का गंभीर मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर द्वारा की गई ट्रैप कार्रवाई में नगर पंचायत बोधरी के बाबू और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी वेदराम निर्मलकर, निवासी नूतन चौक, सरकंडा, बिलासपुर ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने अपनी बोदरी स्थित भूमि पर मकान निर्माण के लिए नगर पंचायत बोदरी में नक्शा पास कराने हेतु नक्शा सहित आवेदन प्रस्तुत किया था।
आवेदन के संबंध में नगर पंचायत बोदरी के बाबू सुरेश सिहोरे से संपर्क करने पर नक्शा पास कराने के एवज में कुल शासकीय शुल्क के अतिरिक्त 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई। प्रार्थी रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।
शिकायत के सत्यापन के दौरान बाबू सुरेश सिहोरे एवं सीएमओ भारती साहू से मिलकर मोलभाव किया गया, जिसके बाद 12,000 रुपये रिश्वत राशि लेने पर सहमति बनी। इसके पश्चात आज दिनांक 17 दिसंबर 2025 को एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा ट्रैप कार्रवाई आयोजित की गई।
ट्रैप के दौरान प्रार्थी से रिश्वत की राशि 12,000 रुपये लेते हुए बाबू सुरेश सिहोरे एवं सीएमओ भारती साहू को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
ट्रैप कार्रवाई के उपरांत आरोपियों के निवास स्थानों पर तलाशी की कार्रवाई भी की जा रही है। इस कार्रवाई से नगर पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार माना जा रहा है।