
दो वर्ष की निरंतर सेवा और विकास की उपलब्धियों को समर्पित पहल: मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विरासत पर आधारित 8 कॉफी टेबल बुक्स का किया विमोचन
NTN NEWS REPORT// रायपुर, 17 दिसंबर 2025।
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “दो साल निरंतर सेवा, निरंतर विकास” की भावना को साकार करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज शाम नवीन विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित आठ कॉफी टेबल बुक्स का विमोचन किया। ये पुस्तकें छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक परंपराओं, आदिवासी जीवनशैली तथा प्राकृतिक सौंदर्य को सजीव रूप में प्रस्तुत करती हैं।
विमोचित कॉफी टेबल बुक्स में बस्तर दशहरा (हिन्दी एवं अंग्रेजी), पुण्यभूमि छत्तीसगढ़ (हिन्दी एवं अंग्रेजी), छत्तीसगढ़ के अतुल्य जलप्रपात (हिन्दी एवं अंग्रेजी) तथा बैगा टैटू (हिन्दी एवं अंग्रेजी) शामिल हैं। इन पुस्तकों के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विविधता, लोककलाओं, जनजातीय परंपराओं और प्राकृतिक धरोहरों को आकर्षक छायाचित्रों एवं तथ्यपरक सामग्री के साथ प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये कॉफी टेबल बुक्स छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, आदिवासी कला और प्राकृतिक सौंदर्य को देश-विदेश तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रकाशन पहलें राज्य की विशिष्ट पहचान को सशक्त करने के साथ-साथ पर्यटन और सांस्कृतिक चेतना को भी प्रोत्साहित करती हैं।
मुख्यमंत्री ने जनसंपर्क विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ये पुस्तकें न केवल छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और विरासत का दस्तावेज हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत बनेंगी।
कार्यक्रम में जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महासमुंद विधायक योगेश्वर सिन्हा, जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव, जनसंपर्क आयुक्त रवि मित्तल, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, पूर्व विधायक खिलावन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।