
कांस्टेबल भर्ती में अभूतपूर्व पारदर्शिता: QR कोड से सभी अभ्यर्थियों के अंक सार्वजनिक, 3-स्तरीय शिकायत समाधान व्यवस्था लागू
NTN NEWS REPORT// रायपुर। राज्य में चल रही कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की दिशा में पुलिस विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भर्ती प्रक्रिया में सम्मिलित सभी जिलों के लिए अलग-अलग QR कोड जारी किए गए हैं, जिसके माध्यम से अभ्यर्थी न केवल अपने अंक, बल्कि अन्य अभ्यर्थियों के प्राप्तांक भी देख सकते हैं। इसके साथ ही सभी जिलों की मेरिट लिस्ट भी तैयार कर सार्वजनिक कर दी गई है।
भर्ती से संबंधित किसी भी प्रकार की आपत्ति, शंका अथवा शिकायत के निराकरण हेतु तीन-स्तरीय grievance redressal व्यवस्था लागू की गई है, ताकि प्रत्येक अभ्यर्थी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिल सके।
जिलों में SP स्तर पर लगातार तीन दिन शिकायत समाधान
अभ्यर्थियों की शिकायतों के समाधान के लिए राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) अपने-अपने कार्यालयों में लगातार तीन दिनों तक grievance redressal कर रहे हैं। अभ्यर्थी संबंधित दस्तावेजों के साथ सीधे SP कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
19-20 को PHQ नवा रायपुर में ADG करेंगे सुनवाई
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई के लिए
19 एवं 20 तारीख को ADG एस.पी. कल्लूरी पुलिस मुख्यालय (PHQ), नवा रायपुर में उपस्थित रहेंगे। इन दोनों दिनों में अभ्यर्थी PHQ पहुंचकर अपनी समस्याएं सीधे रख सकते हैं।
21 को गृहमंत्री करेंगे प्रत्यक्ष संवाद
भर्ती प्रक्रिया को लेकर अंतिम स्तर पर सुनवाई के लिए
21 तारीख को गृहमंत्री स्वयं सिविल लाइन C-3, रायपुर स्थित निवास में प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक उपस्थित रहेंगे। इस दौरान सभी अभ्यर्थियों की बातें सीधे सुनी जाएंगी और आवश्यक निराकरण किया जाएगा।
रायपुर न आ पाने वाले अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन सुविधा
जो अभ्यर्थी रायपुर नहीं आ सकते हैं, उनके लिए भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ऐसे अभ्यर्थी अपने-अपने जिले के SP कार्यालय में जाकर ऑनलाइन माध्यम से ADG अथवा गृहमंत्री स्तर की सुनवाई से जुड़ सकते हैं।
पुलिस विभाग द्वारा की गई यह पहल कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।