
पारिवारिक विवाद बना जानलेवा: गोबरा नवापारा में पिता पर हंसिया से हमला करने वाला पुत्र गिरफ्तार
NTN NEWS REPORT// रायपुर | 14 दिसंबर 2025। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज मामले में पिता पर प्राणघातक हमला करने वाले पुत्र को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आपसी विवाद के चलते हुए इस हमले में घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना का विवरण : प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना गोबरा नवापारा में मर्ग क्रमांक 94/2025 धारा 194 BNSS के तहत जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि वार्ड क्रमांक 04, कोढ़ीपारा, डीडी नगर गोबरा नवापारा निवासी संतोष साहू (42 वर्ष) पर उनके ही पुत्र राहुल साहू ने लोहे की हंसिया से हमला किया था।
घटना दिनांक 11 दिसंबर 2025 की है, जब पिता-पुत्र के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान राहुल साहू ने आवेश में आकर धारदार लोहे की हंसिया से अपने पिता पर हमला कर दिया, जिससे संतोष साहू को गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए मेकाहारा अस्पताल रायपुर रेफर किया गया।
इलाज के दौरान हुई मौत : मेकाहारा अस्पताल में उपचार के दौरान दिनांक 13 दिसंबर 2025 को रात्रि लगभग 2:00 बजे संतोष साहू की मृत्यु हो गई। इसके पश्चात मर्ग जांच में गवाहों के कथन, शव पंचनामा एवं डॉक्टर की मुलाहिजा रिपोर्ट के आधार पर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि यह एक हत्या का मामला है।
अपराध पंजीबद्ध, आरोपी गिरफ्तार : पुलिस द्वारा थाना गोबरा नवापारा में अपराध क्रमांक 481/2025 धारा 103 BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी राहुल साहू का पता तलाश कर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने गवाहों के समक्ष अपराध स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे की हंसिया (लकड़ी का बेट लगा हुआ) तथा घटना के समय पहनी गई खून के धब्बे लगी जैकेट को विधिवत जप्त किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी : आरोपी राहुल साहू (21 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04 कोढ़ीपारा, नवापारा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर को विधिवत गिरफ्तार कर रायपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण : 1. राहुल साहू, पिता – संतोष साहू, उम्र – 21 वर्ष निवासी – वार्ड क्रमांक 04, कोढ़ीपारा नवापारा, थाना गोबरा नवापारा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)
पुलिस की भूमिका : इस पूरी कार्रवाई में थाना गोबरा नवापारा से उप निरीक्षक सुनील कश्यप, सहायक उप निरीक्षक गुलाब सिन्हा, आरक्षक कशान रजा एवं आरक्षक सुदीप मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।