
छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय नेतृत्व को बधाई: नितिन नबीन के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संदेश
NTN NEWS REPORT // रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन नबीन के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। मुख्यमंत्री ने इसे संगठन के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि नितिन नबीन का नेतृत्व पार्टी को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने बधाई संदेश में कहा कि प्रदेश प्रभारी के रूप में नितिन नबीन के कुशल नेतृत्व, दूरदर्शी सोच और अथक परिश्रम का ही परिणाम रहा कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन की संगठनात्मक क्षमता, सुदृढ़ रणनीति और आत्मीय जनसंपर्क ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरा है और जनमानस के बीच पार्टी के प्रति गहरा विश्वास कायम किया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और नितिन नबीन के सशक्त नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी निरंतर जनविश्वास को सुदृढ़ करते हुए राष्ट्रव्यापी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह नेतृत्व आने वाले समय में पार्टी को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि वे स्वयं तथा समस्त छत्तीसगढ़ की ओर से इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर नितिन नबीन को हृदय से बधाई देते हैं। उन्होंने पूर्ण विश्वास जताया कि नितिन नबीन के निरंतर मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा और राज्य की उपलब्धियाँ राष्ट्रीय पटल पर और अधिक उज्ज्वल रूप से स्थापित होंगी।