
ग्रामीण क्षेत्रों में महासमुंद पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान, साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशामुक्ति, महिला सुरक्षा एवं यातायात नियमों को लेकर किया गया जागरूक
NTN NEWS REPORT// महासमुंद। जिला महासमुंद पुलिस द्वारा ग्रामीणों को सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से थाना पिथौरा अंतर्गत ग्राम मुढ़ीपार में एक व्यापक जनजागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत साइबर अपराध, अभिव्यक्ति ऐप, नशा मुक्ति, महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं यातायात सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ ग्रामीणों को प्रदान की गईं।
साइबर अपराध से बचाव पर विशेष जोर
पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनसे सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान निम्न बिंदुओं पर विशेष रूप से जागरूक किया गया— साइबर स्टॉकिंग, फेक प्रोफाइल और साइबर बुलिंग की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील।
सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करने तथा मजबूत पासवर्ड व टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करने की सलाह।
फेक ट्रेडिंग ऐप, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट की धमकी, फर्जी पुलिस/अधिकारी बनकर ठगी करने जैसे अपराधों के तरीकों से अवगत कराया गया।
किसी भी अनजान लिंक, एपीके फाइल, संदिग्ध कॉल या वीडियो कॉल को न खोलने/अटेंड न करने की समझाइश दी गई। पैसे दुगुना करने के लालच वाले ऑफर्स से दूर रहने की अपील की गई।
1930 साइबर हेल्पलाइन का प्रचार : यदि किसी भी प्रकार का ऑनलाइन फ्रॉड हो, तो तुरंत टोल फ्री साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने अथवा नजदीकी पुलिस थाना/साइबर सेल में रिपोर्ट करने की जानकारी दी गई।
महिला सुरक्षा एवं अभिव्यक्ति ऐप
महिलाओं को उनकी सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग की जानकारी दी गई, जिससे वे आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
नशा मुक्ति एवं सामाजिक अपराधों पर संदेश
ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम बताते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। साथ ही गौवंश तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाने की अपील की गई।
यातायात सुरक्षा एवं डायल 112
यातायात नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा डायल 112 की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
इस जागरूकता अभियान में लगभग 40 से अधिक ग्रामवासी लाभान्वित हुए। महासमुंद पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान ग्रामीणों में सुरक्षा, सतर्कता और कानून के प्रति विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।