दिल्ली में जज की संदिग्ध मौत: ग्रीन पार्क स्थित घर में फंदे से लटके मिले अमन शर्मा, शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका
NTN REPORT// नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में शनिवार को एक न्यायिक अधिकारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कड़कड़डूमा कोर्ट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव पद पर तैनात 30 वर्षीय अमन कुमार शर्मा अपने घर के बाथरूम में मृत पाए गए। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच जारी है।

पीसीआर कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली। कॉल अमन शर्मा के जीजा शिवम ने की थी, जो डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं। उन्होंने सूचना दी कि अमन ने अपने घर में आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत ग्रीन पार्क स्थित आवास पर पहुंची। अमन शर्मा बाथरूम के अंदर मिले, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिता के सामने बयां की थी मानसिक तनाव की बात
मृतक के परिजन राजेश शर्मा के अनुसार, घटना से एक रात पहले अमन ने अपने पिता को रात करीब 10 बजे फोन किया था। उन्होंने बताया कि वह बेहद परेशान हैं और उनका जीना मुश्किल हो गया है।
यह सुनते ही पिता अलवर से उसी रात दिल्ली के लिए रवाना हो गए और देर रात घर पहुंच गए। यहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि अमन और उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। अमन ने अपने पिता को बताया कि पिछले दो महीनों से वह गहरे मानसिक तनाव में थे और लगातार परेशान किया जा रहा था।
पत्नी पर गंभीर आरोप, घर में बढ़ा विवाद
पिता के अनुसार, घर में उनकी बहू का पूरा नियंत्रण था और हर फैसले में वही प्रमुख भूमिका निभाती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने स्थिति को समझने की कोशिश की तो बहू ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा और पुलिस बुलाने की धमकी दी।
पिता ने बहू के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका नंबर ब्लॉक कर दिया गया। बाद में बहू के चाचा को बुलाया गया, लेकिन वह घर के पास पहुंचकर किसी कारणवश वापस लौट गए।
बाथरूम से आई मोबाइल की घंटी, दरवाजा तोड़कर मिला शव
घटना के दौरान घर में विवाद और शोर-शराबा बढ़ गया था। पिता के मुताबिक, अमन एक कमरे में बैठे रो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी दूसरे कमरे में थीं।
कुछ देर बाद जब अमन दिखाई नहीं दिए, तो पिता ने उनके मोबाइल पर कॉल किया। कॉल की घंटी बाथरूम से सुनाई दी। जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अमन शर्मा पत्नी की चुन्नी से बने फंदे पर लटके मिले। यह दृश्य देखकर परिवार स्तब्ध रह गया।
पुलिस जांच जारी, सभी पहलुओं पर नजर
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यह प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है, लेकिन पारिवारिक विवाद और अन्य आरोपों को ध्यान में रखते हुए सभी एंगल से जांच की जा रही है।
मामले में परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।