Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर-चांपा में विधायक देवेंद्र यादव का भव्य स्वागत, संविधान रक्षा और संगठन मजबूती का लिया संकल्प

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवेंद्र यादव के नगर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उनका जोरदार एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। कचहरी चौक पर पूर्व जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष और नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष प्रिंस शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशों, आतिशबाजी और फूलमालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। नगर प्रवास के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने व्यस्त कार्यक्रम के बीच स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आत्मीय मुलाकात की। वे प्रिंस शर्मा के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने युवा साथियों के साथ अनौपचारिक चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत करने और युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। इसके बाद उन्होंने पार्षद विष्णु यादव के निवास पर पहुंचकर सामाजिक बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और युवाओं से संवाद किया।

भव्य स्वागत के पश्चात विधायक यादव कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए संविधान निर्माता भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर अपने संबोधन में विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि कुछ शक्तियां संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं, ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सजग और सक्रिय रहना होगा। उन्होंने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलते हुए सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे के मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ही वह शक्ति है, जिसने हमेशा संविधान, लोकतंत्र तथा गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के अधिकारों की रक्षा की है। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा।

कार्यक्रम में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा, जिला कांग्रेस महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया, सोशल मीडिया प्रभारी परमेश्वर निर्मले, भैरव मिश्रा, पिंटू राठौर, राजा सिद्दीकी, मितेश (भोलू) यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा पार्षद विष्णु यादव, धीरज सिंह बैंस, देवराज सिंह चंदेल, विजय (बंटी) अग्रवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बबला महाराज, बलवीर सिंह ढिल्लों, महेंद्र यादव, एकांश तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और महिला नेताओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की सहभागिता देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का माहौल बना रहा।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!