
सड़क सुरक्षा माह में जांजगीर-चांपा पुलिस का जनजागरण अभियान तेज
भांठापारा, शिवरीनारायण, रहौद से लेकर चांपा भोजपुर बाजार तक 2500 से अधिक लोग किए गए जागरूक
NTN NEWS REPORT//जांजगीर-चांपा,4 जनवरी 2026।
37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले में यातायात पुलिस द्वारा लगातार व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
01 जनवरी 2026 से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा माह का प्रभावी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जांजगीर के भांठापारा, शिवरीनारायण क्षेत्र के रहौद तथा आज चांपा क्षेत्र के भोजपुर बाजार में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन जागरूकता अभियानों के दौरान यातायात पुलिस द्वारा अब तक लगभग 2500 से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जा चुका है।
हेलमेट, सीट बेल्ट और नियमों के पालन पर विशेष जोर
कार्यक्रमों के दौरान आम नागरिकों एवं वाहन चालकों को—
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने
चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने
निर्धारित गति सीमा का पालन करने
नशे की हालत में वाहन न चलाने
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने
यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने
संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई।
पंपलेट वितरण व संवाद से दिया गया संदेश
यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पंपलेट वितरण, पोस्टर प्रदर्शनी एवं प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को समझाइश भी दी गई।
पुलिस की आमजन से अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।