Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर में महिला थाना का शुभारंभ, IG रामगोपाल गर्ग ने किया उद्घाटन

काउंसलरों को सम्मान, साइबर जागरूकता पर विशेष जोर

NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा, 31 मार्च 2026। जिले में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए महिला थाना जांजगीर का विधिवत शुभारंभ किया गया। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने फीता काटकर नए महिला थाने का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और सामाजिक सहभागिता पर विशेष बल दिया गया।


परिवार परामर्श काउंसलरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान परिवार परामर्श से जुड़े काउंसलरों को उनके उत्कृष्ट कार्य, समर्पण और पारिवारिक विवादों के समाधान में निभाई जा रही भूमिका के लिए प्रशस्ति पत्र एवं आईडी कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। आईजी ने कहा कि काउंसलरों का योगदान समाज में समरसता और सौहार्द बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिकारियों ने भी उनके प्रयासों की सराहना की।


महिला कमांडो टीम की सराहना

जिले की गठित महिला कमांडो टीम की आईजी ने विशेष प्रशंसा की। उन्होंने टीम के अनुशासन, तत्परता और उत्कृष्ट कार्यशैली को महिला सुरक्षा के लिए प्रेरणादायक बताया।


प्रेस प्रतिनिधियों से सौहार्दपूर्ण भेंट

आईजी ने जिले के प्रेस प्रतिनिधियों से मुलाकात कर पुलिस की प्राथमिकताओं और महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता साझा की। उन्होंने कहा कि महिला थाना महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निराकरण के साथ उन्हें सुरक्षित और विश्वासपूर्ण वातावरण प्रदान करेगा।


“संचार साथी” मोबाइल एप की दी जानकारी

साइबर अपराधों से सुरक्षा के लिए भारत सरकार के दूरसंचार विभाग (DoT) द्वारा शुरू किए गए “संचार साथी” मोबाइल एप एवं पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से—

  • “चक्षु” सुविधा से संदिग्ध कॉल, एसएमएस व व्हाट्सएप संदेशों की शिकायत की जा सकती है।
  • CEIR के जरिए खोए/चोरी हुए मोबाइल की रिपोर्ट दर्ज कर IMEI ब्लॉक कराया जा सकता है।
  • TAFCOP से आधार से जुड़े अनजान मोबाइल नंबरों की जानकारी लेकर उन्हें ब्लॉक किया जा सकता है।
  • सेकंड हैंड मोबाइल की सत्यता जांचने, फर्जी इंटरनेशनल कॉल्स को ब्लॉक करने तथा बैंक/वित्तीय संस्थाओं के सत्यापित संपर्क विवरण प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध है।

यह एप Android एवं iOS प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।


साइबर थाना जांजगीर का निरीक्षण, त्वरित निराकरण के निर्देश

आईजी ने साइबर थाना जांजगीर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, तकनीकी संसाधनों और जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया। दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण पर जोर दिया गया।

उन्होंने डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित संकलन और विश्लेषण की प्रक्रिया को और मजबूत बनाने, नवीनतम सॉफ्टवेयर एवं टूल्स के उपयोग तथा तकनीकी दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया।


साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

निरीक्षण के दौरान उपस्थित नागरिकों को साइबर धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की विस्तृत जानकारी दी गई। आमजन से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।


गणमान्य नागरिकों का सम्मान

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आईजी ने कहा कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी से पुलिस एवं प्रशासनिक कार्य अधिक प्रभावी होते हैं।


आदिवासी गोड़ समाज के प्रयासों की सराहना

आईजी ने जिले के आदिवासी गोड़ समाज के प्रतिनिधियों से भेंट कर शराब निर्माण छोड़ स्वरोजगार की राह अपनाने के उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


पुलिस ड्रोन कैमरा का अवलोकन

आईजी ने पुलिस ड्रोन कैमरा का बारीकी से निरीक्षण कर उसके रख-रखाव और सुरक्षित संचालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित

इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS), शक्ति जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महिला थाना के शुभारंभ के साथ जांजगीर-चांपा जिले में महिला सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण की दिशा में एक सशक्त पहल मानी जा रही है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!