
विजय कुमार पांडेय की वापसी के साथ जांजगीर-चांपा पुलिस में कसावट, आते ही तीन अधिकारियों के तबादले
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय की वापसी के साथ ही पुलिस प्रशासन में एक बार फिर सख्ती और कसावट देखने को मिल रही है। जिले की कमान संभालते ही उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर बड़े फैसले लेने शुरू कर दिए हैं। इसी क्रम में रविवार को तीन पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया गया, जिसे पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के मुताबिक निरीक्षक कमलेश कुमार शेंडे को थाना प्रभारी नवागढ़ से रक्षित केंद्र जांजगीर भेजा गया है। वहीं निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय को यातायात शाखा से थाना प्रभारी नवागढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक सियाराम यादव को थाना नवागढ़ से थाना बलौदा स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को विजय कुमार पांडेय की कार्यशैली से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उनके जिले से बाहर रहने के दौरान पुलिसिंग व्यवस्था काफी हद तक ढीली पड़ गई थी और कई मामलों में कार्रवाई की गति भी प्रभावित हुई थी। लेकिन दोबारा जिले की बागडोर संभालते ही उन्होंने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि अब पुलिसिंग में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विजय कुमार पांडेय की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पदभार संभालने के तुरंत बाद वे जिले के बहुचर्चित और चुनौतीपूर्ण करही हत्याकांड के पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। वहां उन्होंने घटनास्थल और पूरे मामले का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए “ऑपरेशन हंट” शुरू करने के निर्देश दिए। इस अभियान के जरिए आरोपियों की धरपकड़ और मामले के त्वरित खुलासे पर फोकस किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक एसपी पांडेय लगातार जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं और थानों में कार्यप्रणाली को लेकर भी फीडबैक लिया जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस विभाग में और भी प्रशासनिक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
जिले में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और लंबित मामलों को देखते हुए विजय कुमार पांडेय की यह सख्त कार्यशैली आम लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस विभाग के भीतर भी उनके फैसलों को अनुशासन और जवाबदेही स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।