
IPL 2026 Playoff Race: टॉप-4 की जंग हुई रोमांचक, अब भी 8 टीमों के पास मौका
NTN REPORT// IPLके मौजूदा सीजन में प्लेऑफ की रेस बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है. लीग स्टेज के सिर्फ 10 मुकाबले बाकी हैं, लेकिन अब तक केवल दो टीमें ही टूर्नामेंट से बाहर हुई हैं. हर मैच के साथ पॉइंट्स टेबल बदल रही है और टॉप-4 की तस्वीर लगातार उलझती जा रही है. ऐसे में आईपीएल 2026 का नया हफ्ता फैन्स के लिए पूरी तरह हाई-वोल्टेज और रोमांच से भरा रहने वाला है।
शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटन्स को 29 रन से हराकर प्लेऑफ की रेस को और ज्यादा रोमांचक बना दिया. इस जीत से कोलकाता की उम्मीदें जिंदा रहीं, जबकि गुजरात को बड़ा झटका लगा है.
RCB सबसे मजबूत स्थिति में
इस समय रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर 16 अंकों के साथ अंकतालिका में पहले स्थान पर बनी हुई है. आरसीबी अगर अपना अगला मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ जीत जाती है, तो उसकी प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की हो जाएगी. साथ ही टीम का टॉप-2 में फिनिश करना भी लगभग तय माना जा रहा है. मौजूदा फॉर्म को देखते हुए आरसीबी इस वक्त सबसे मजबूत दावेदार नजर आ रही है.
गुजरात टाइटन्स को KKR से लगा झटका
लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही गुजरात टाइटन्स को कोलकाता के खिलाफ हार का बड़ा नुकसान हुआ है. टीम के अब भी 16 अंक हैं और स्थिति मजबूत बनी हुई है, लेकिन आखिरी मैच में हार और दूसरी टीमों की जीत गुजरात के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकती है. ऐसे में गुजरात को अपना अंतिम मुकाबला हर हाल में जीतना होगा.
SRH के पास अब भी मजबूत मौका
सनराइजर्स हैदराबाद 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर मौजूद है. टीम को अपने बाकी दो मुकाबलों में कम से कम एक जीत की जरूरत है. हालांकि लगातार दो हार हैदराबाद को प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर सकती हैं. ऐसे में SRH के लिए हर मुकाबला बेहद अहम हो गया है.
पंजाब किंग्स के लिए करो या मरो की स्थिति
सीजन की शुरुआत में शानदार प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स अब लगातार हार के कारण दबाव में है. टीम के 13 अंक हैं और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे. एक और हार पंजाब के लिए लगभग बाहर होने जैसी स्थिति पैदा कर सकती है.
राजस्थान रॉयल्स की किस्मत अपने हाथ में
राजस्थान रॉयल्स के पास अभी तीन मुकाबले बाकी हैं और टीम की किस्मत पूरी तरह उसके अपने प्रदर्शन पर निर्भर है. राजस्थान अगर तीनों मैच जीत लेती है, तो सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी. 2008 की चैम्पियन टीम फिलहाल 12 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है.
CSK की राह हुई मुश्किल
पांच बार की चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स को हाल ही में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा. इस हार के बाद चेन्नई की स्थिति काफी कठिन हो गई है. टीम के 12 अंक हैं और प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए उसे अपने बाकी दोनों मुकाबले जीतने होंगे. इसके अलावा नेट रनरेट भी सीएसके के लिए निर्णायक साबित हो सकता है.
KKR की उम्मीदें अभी जिंदा
गुजरात पर बड़ी जीत के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्लेऑफ की रेस में खुद को बनाए रखा है. टीम के 12 मैचों में 11 अंक हैं और वह सातवें स्थान पर है. कोलकाता को अब अपने बाकी दोनों मुकाबले जीतने होंगे. साथ ही उसे दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा. KKR के लिए अब हर मैच ‘करो या मरो’ जैसा बन गया है.
दिल्ली कैपिटल्स के लिए राह सबसे कठिन
दिल्ली कैपिटल तकनीकी रूप से अब भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है, लेकिन टीम की स्थिति सबसे ज्यादा मुश्किल मानी जा रही है. दिल्ली के 12 मैचों में 10 अंक हैं और उसका नेट रनरेट भी काफी खराब है. प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दिल्ली को अपने बाकी दोनों मैच जीतने के साथ-साथ दूसरी टीमों की हार की भी उम्मीद करनी होगी.
आने वाले मुकाबले तय करेंगे प्लेऑफ की तस्वीर
आईपीएल 2026 में अब हर मुकाबला प्लेऑफ के लिहाज से बेहद अहम हो चुका है. टॉप-4 की रेस में आठ टीमें अब भी बनी हुई हैं और आने वाले मैच अंकतालिका की तस्वीर पूरी तरह बदल सकते हैं. ऐसे में क्रिकेट फैन्स को अगले कुछ दिनों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिलने वाला है.
यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।