
जांजगीर–चांपा को औद्योगिक विकास की ऐतिहासिक सौगात, ₹288.35 करोड़ की स्वीकृति से बनेगा आदर्श औद्योगिक क्षेत्र
NTN NEWS REPORT// जांजगीर–चांपा। जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय लेते हुए ग्राम सिलादेही–बिर्रा–गतवा क्षेत्र में आदर्श औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हेतु ₹288.35 करोड़ की विमुक्ति को वित्त विभाग से स्वीकृति प्रदान की गई है। यह महत्वपूर्ण निर्णय जांजगीर–चांपा जिले को औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए भारतीय जनता पार्टी जिला प्रवक्ता विकास शर्मा ने प्रदेश सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सौगात जिले के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं प्रदेश के वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
बड़े निवेश और रोजगार के खुलेंगे द्वार
आदर्श औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना से जिले में बड़े स्तर पर औद्योगिक निवेश आने की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार BEML कंपनी द्वारा यहां खनन कार्यों में उपयोग होने वाली भारी मशीनों के निर्माण हेतु प्लांट स्थापित किया जाएगा। इससे न केवल क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेज होंगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए ऐतिहासिक स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
आर्थिक समृद्धि की ओर मजबूत कदम
विकास शर्मा ने कहा कि यह निर्णय जांजगीर–चांपा जिले के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा। औद्योगिक क्षेत्र के विकास से व्यापार, परिवहन, सेवा क्षेत्र और लघु उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे जिले की आर्थिक समृद्धि और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश सरकार का यह सहयोग और आशीर्वाद भविष्य में भी जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।