Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

पीएम श्री सेजेस क्रमांक-1 जांजगीर में संकुल स्तरीय प्रवेश उत्सव का आयोजन, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत

NTN REPORT// जांजगीर। पीएम श्री सेजेस क्रमांक-1 जांजगीर के ऑडिटोरियम में शनिवार को संकुल स्तरीय प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश एवं चॉकलेट वितरित कर विद्यालय परिवार की ओर से उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य परमेश्वरी सोनी ने की। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित विद्यालय आना, अनुशासन का पालन करना और मन लगाकर अध्ययन करना सफलता की पहली सीढ़ी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीईओ अशोक कुमार पाटले ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने और स्वस्थ आदतों को अपनाने का संदेश दिया।एबीईओ तरुण साहू ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने एवं शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों को मध्याह्न भोजन योजना का नियमित लाभ लेने की भी बात कही।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के मुनीर सर ने प्रेरक कहानी के माध्यम से बच्चों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का संदेश दिया।

एसएमडीसी अध्यक्ष विवेक सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और अनुशासन के माध्यम से विद्यार्थी जिले का नाम प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रयास करने प्रेरित किया।

वार्ड क्रमांक-20 के पार्षद ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मेहनत करने की सीख दी।

कार्यक्रम का सफल संचालन प्राची पाण्डेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं गुरु मंत्र की प्रस्तुति से हुई, जिसे दिव्या यादव एवं डाइट की छात्राओं ने प्रस्तुत किया।

प्रवेश उत्सव को सफल बनाने में संकुल एवं पीएम श्री सेजेस क्रमांक-1 जांजगीर के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर स्कूल समन्वयक केशव सिंह कंवर, देवेंद्र कश्यप, रामनारायण साहू, संजय यादव, शारदा राठौर, दिव्या यादव, आस्था सिंह, सरिता निराला, सहित संकुल के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!