
हॉकी मेन्स जूनियर वर्ल्ड कप ट्रॉफी 2025 का भव्य अनावरण, छत्तीसगढ़ में दिखा उत्साह का नया रंग
NTN NEWS REPORT// रायपुर, 18 नवम्बर 2025।
विधानसभा परिसर आज एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतिष्ठित एफआईएच जूनियर मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2025 की चमचमाती ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप और उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।
भारत टूर के तहत पहली बार यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी छत्तीसगढ़ पहुंची, जिसके स्वागत में आयोजित समारोह का माहौल पूरी तरह खेल भावना और उत्साह से भरा रहा।
छत्तीसगढ़ में ट्रॉफी का आगमन—युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस ऐतिहासिक क्षण को राज्य के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि भारत में एफआईएच जूनियर वर्ल्ड कप 2025 आयोजित होना सम्मान की बात है और ट्रॉफी का छत्तीसगढ़ आगमन युवाओं के लिए मजबूत प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया द्वारा ट्रॉफी टूर की शुरुआत देशभर में खेल संस्कृति को नई ऊर्जा और गति प्रदान करने वाला कदम है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि— “छत्तीसगढ़ हमेशा से हॉकी की उर्वर भूमि रहा है। राजनांदगांव, बस्तर, जशपुर, सरगुजा, रायपुर, बिलासपुर और कोरबा के युवा लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य सरकार खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।”
उन्होंने ट्रॉफी को विश्व के श्रेष्ठ खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और सपनों का प्रतीक बताते हुए हॉकी इंडिया, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ और छत्तीसगढ़ हॉकी को शुभकामनाएँ दीं।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने दी बधाई
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ट्रॉफी के भव्य अनावरण पर छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ और हॉकी संगठन को बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन से प्रदेश में हॉकी का उत्साह और अधिक बढ़ेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल संघों के प्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए।
भारत पहली बार बनेगा जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप का मेजबान : एफआईएच जूनियर मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप 2025 की मेजबानी भारत पहली बार कर रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 28 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै में आयोजित होगी।
छत्तीसगढ़ में ट्रॉफी का आगमन न केवल खिलाड़ियों में जोश भरता है, बल्कि देश में हॉकी खेल की बढ़ती प्रतिष्ठा का भी प्रतीक है।