
NTN NEWS REPORT// रायपुर, 18 नवम्बर 2025।
छत्तीसगढ़–आंध्र प्रदेश सीमा पर सुरक्षाबलों द्वारा किए गए सफल ऑपरेशन में शीर्ष नक्सली लीडर और सीसी मेंबर माडवी हिड़मा सहित छह नक्सलियों के न्यूट्रलाइज होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों के साहस और समर्पण को नमन करते हुए इसे नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में निर्णायक उपलब्धि बताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिड़मा लंबे समय से बस्तर में रक्तपात, हिंसा और दहशत का मुख्य चेहरा था। उसका अंत न सिर्फ एक बड़ी ऑपरेशनल सफलता है, बल्कि लाल आतंक पर गहरी चोट भी है। यह उपलब्धि बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
उन्होंने बताया कि बीते महीनों में बड़ी संख्या में नक्सलियों के आत्मसमर्पण, टॉप कैडर की गिरफ्तारियाँ और लगातार सफल ऑपरेशन इस बात का प्रमाण हैं कि नक्सलवाद अब अपने अंतिम दौर में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य की सुशासन सरकार बस्तर में शांति, विश्वास और विकास की नई धारा ला रही है। नियद नेल्ला नार योजना, नक्सलियों के लिए पुनर्वास नीति और नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना से जनविश्वास बढ़ा है और बस्तर के गांवों में नया आत्मविश्वास जन्मा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य की संयुक्त रणनीति के तहत मार्च 2026 तक भारत पूर्णतः नक्सलमुक्त हो जाएगा।