
पूर्व सैनिक परिवार मिलन: जांजगीर में एकता, अनुशासन और भाईचारे का भव्य संदेश
भूतपूर्व सैनिक संघ जांजगीर-चांपा ने नए वर्ष पर 200 से अधिक परिवारों के साथ मनाया आत्मीय मिलन समारोह
NTN REPORT// जांजगीर। भूतपूर्व सैनिक संघ जिला जांजगीर-चांपा द्वारा नए वर्ष 2026 के अवसर पर पूर्व सैनिक परिवार मिलन समारोह का भव्य आयोजन जाज्ल्व देव की पावन धरती जांजगीर नगर स्थित ड्रीम प्वाइंट होटल में किया गया। इस आयोजन में जिले के 200 से अधिक पूर्व सैनिक परिवारों ने भाग लेकर आपसी परिचय, मेल-जोल और संगठनात्मक एकता को और मजबूत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत संघ के अध्यक्ष असीम धर दीवान द्वारा सभी पदाधिकारियों, सदस्यों एवं उनके परिवारों के स्वागत से हुई। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि संघ का उद्देश्य केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक सदस्य और उनके परिवार के सुख-दुख में साथ खड़े रहना है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि किसी भी सदस्य या उसके परिवार को यदि कोई समस्या आती है, तो संघ उसे सुलझाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
इसके पश्चात कार्यक्रम का शुभारंभ सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ किया गया। पूरे आयोजन में सामूहिक नृत्य, भजन, संगीत, गायन एवं सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और आनंद उठाया। यह आयोजन पूर्व सैनिकों के बीच भाईचारे, अनुशासन और संगठन की शक्ति को और सशक्त करने का प्रतीक बना।
कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में संघ के सचिव राजेंद्र पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं कोषाध्यक्ष प्रवीण राठौर सहित सभी पदाधिकारी एवं कर्मठ सदस्यों के आपसी तालमेल और सहयोग से आयोजन अत्यंत अनुशासित और उत्साहजनक वातावरण में संपन्न हुआ।
मंचीय कार्यक्रम में संघ के संरक्षक पवन साहब, विनोद सिंह एवं श्रीवास टीम द्वारा सुंदर गीतों की प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही विद्या राठौड़ एवं उमाशंकर साहू द्वारा गीत और कविता पाठ किया गया। विशेष आकर्षण का केंद्र सुश्री सुमन पटेल रहीं, जिन्होंने हारमोनियम के साथ अपनी मधुर गायन प्रस्तुति देकर सभी को भावविभोर कर दिया। एक पूर्व सैनिक परिवार की बालिका द्वारा प्रस्तुत इस कला प्रदर्शन ने सभी को गर्व की अनुभूति कराई, और उपस्थितजनों ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन एवं सभी परिवारों का परिचय जवाहर लाल यादव द्वारा किया गया। अंत में सचिव राजेंद्र पांडेय ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से उपस्थित सभी परिवारों तथा दूर-दराज से आए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समापन अवसर पर अकलतरा से पधारे संघ के वरिष्ठ संरक्षक तिवारी द्वारा “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के जयघोष के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।
यह पूर्व सैनिक परिवार मिलन समारोह न केवल मनोरंजन का माध्यम रहा, बल्कि अनुशासन, देशभक्ति, सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों का सशक्त संदेश समाज और अन्य आर्मी जवानों के लिए प्रेरणास्रोत बना।