Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

पाकिस्तान समर्थित ISI नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध स्लीपर सेल सदस्य की जांजगीर-चांपा में गिरफ्तारी, विदेशी संपर्कों के मिले डिजिटल सबूत

अकलतरा में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई, पंजाब निवासी युवक गिरफ्तार

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा पुलिस ब्रेकिंग न्यूज़, दिनांक 21.06.26। जांजगीर-चांपा पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े संदिग्ध लोगों के संपर्क में था और देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने के संकेत मिले हैं।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में जिले में आपराधिक तत्वों एवं असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अकलतरा थाना पुलिस को यह सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी थाना पट्टी, जिला तरन तारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत धारा 152 एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

किरायेदार सत्यापन अभियान में खुला मामला

पुलिस के अनुसार अकलतरा क्षेत्र के मिनीमाता चौक स्थित राजीव केडिया के मकान में बाहरी राज्यों के कुछ लोगों के रहने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किरायेदारों का सत्यापन शुरू किया।

इसी दौरान सेवक सिंह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पूछताछ में उसके जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की।

विदेशी नंबरों से संपर्क के मिले प्रमाण

पुलिस का कहना है कि आरोपी के मोबाइल फोन में पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको सहित अन्य विदेशी नंबरों से संपर्क के प्रमाण मिले हैं।

जांच में व्हाट्सएप चैटिंग, वीडियो कॉलिंग, कॉल रिकॉर्डिंग सहित कई डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात सामने आई है। मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी पिछले कुछ समय से पाकिस्तान स्थित ISI समर्थित नेटवर्क से जुड़े लोगों के संपर्क में था।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के जरिए संदिग्ध विदेशी संपर्कों से बातचीत कर रहा था। जांच एजेंसियां अब इन संपर्कों और नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।

महत्वपूर्ण स्थानों और जानकारियों की जानकारी भेजने का आरोप

पुलिस जांच में यह भी सामने आने की बात कही गई है कि आरोपी द्वारा छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण स्थानों, लोकेशन, वाहनों के नंबर और फोटो-वीडियो जैसी जानकारियां साझा की जा रही थीं।

हालांकि इन सभी तथ्यों की पुष्टि विस्तृत जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

हथियार मिलने के बाद टारगेट किलिंग की साजिश का खुलासा

पुलिस के अनुसार जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी को पाकिस्तान से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी। हथियार मिलने के बाद पाकिस्तान स्थित संचालकों द्वारा दिए गए लक्ष्य पर हमला करने की साजिश से जुड़े तथ्य सामने आए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और संभावित सहयोगियों एवं नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला

पुलिस ने बताया कि मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

मामले में पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों, विदेशी संपर्कों और संभावित नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई हैं। आगे और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई गई है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!