
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने यातायात पुलिस की नई पहल, जांजगीर में डिवाइडर ट्रायल से सुरक्षित यातायात व्यवस्था की कवायद
NTN REPORT// जांजगीर। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और आए दिन हो रही घटनाओं को देखते हुए जांजगीर यातायात पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल शुरू की है। शहर के व्यस्त मार्ग पर सड़क के बीचों-बीच बैरिकेडिंग कर अस्थायी डिवाइडर का स्वरूप तैयार करते हुए इसका ट्रायल बेस पर परीक्षण किया जा रहा है।
यातायात पुलिस द्वारा यह प्रयोग विशाल मेगा मार्ट के सामने से लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय जाने वाले मोड़ तक किया जा रहा है। सड़क के मध्य भाग में बैरिकेड लगाकर दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग लेन बनाने का प्रयास किया गया है, ताकि यह देखा जा सके कि भविष्य में यदि इस मार्ग को स्थायी रूप से डिवाइडर युक्त डबल लेन बनाया जाता है तो आम नागरिकों और वाहन चालकों के लिए यह कितना सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रभावी साबित होगा।
जिला यातायात प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार ने बताया कि यह व्यवस्था फिलहाल एक परीक्षण के रूप में लागू की गई है। इसका उद्देश्य सड़क पर बढ़ती दुर्घटनाओं को रोकना और यातायात संचालन को बेहतर बनाना है। परीक्षण के दौरान यह देखा जाएगा कि डिवाइडर व्यवस्था से वाहनों की आवाजाही कितनी व्यवस्थित होती है और आम लोगों को इससे कितना लाभ मिलता है।
उन्होंने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही दुर्घटनाओं और हादसों को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा अलग-अलग स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह प्रयोग भी किया गया है, जिससे सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
गौरतलब है कि जांजगीर जिला यातायात पुलिस द्वारा जिलेभर में यातायात व्यवस्था सुधारने, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराने के लिए लगातार नए प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे प्रयोग निश्चित रूप से सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकते हैं।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यदि यह व्यवस्था सफल रहती है तो भविष्य में इस मार्ग पर स्थायी डिवाइडर निर्माण से यातायात व्यवस्था और बेहतर हो सकती है तथा दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना बढ़ेगी।