Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपास्थानीय समाचार / शहर की खबरें

जांजगीर से चांपा तक बनेगी फोरलेन सड़क! वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने प्रस्ताव तैयार करने दिए निर्देश

जिले की बहुप्रतीक्षित मांग पर सरकार ने दिखाई गंभीरता, यातायात व्यवस्था सुधारने और विकास को गति देने की पहल

NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी के समक्ष जांजगीर से चांपा तक बहुप्रतीक्षित फोरलेन सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई। जिले के विकास एवं आम नागरिकों की सुविधा से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग पर वित्त मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला कलेक्टर को विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला पाटले, पूर्व विधायक चुन्नीलाल साहू, जिला महामंत्री नंद चौधरी, भाजपा प्रवक्ता विकास शर्मा एवं मंडल अध्यक्ष हितेश यादव ने वित्त मंत्री के समक्ष जांजगीर-चांपा फोरलेन सड़क निर्माण की आवश्यकता को लेकर मांग रखी।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि जांजगीर से चांपा तक का मार्ग जिले के सबसे व्यस्त एवं महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग आवागमन करते हैं। वर्तमान यातायात दबाव को देखते हुए सड़क का फोरलेन में विस्तार समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुका है।

उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़क निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुगम होगी, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। इसके साथ ही व्यापार, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक आम लोगों की पहुंच और बेहतर होगी। यह सड़क जांजगीर एवं चांपा विधानसभा क्षेत्रों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मांग को गंभीरता से लेते हुए वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण से जुड़े सभी पहलुओं का अध्ययन कर जल्द से जल्द प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

भाजपा नेताओं ने इस महत्वपूर्ण मांग पर त्वरित पहल करने के लिए वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जांजगीर-चांपा फोरलेन सड़क निर्माण की दिशा में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!