
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी में नवरात्रि एवं विजयादशमी के उपलक्ष्य में रंगारंग कार्यक्रम
NTN NEWS REPORT// जांजगीर, 27 सितम्बर 2025।
ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी, जांजगीर में नवरात्रि एवं विजयादशमी के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के संचालक आलोक अग्रवाल एवं प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल दिखाई दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत नन्हें-मुन्ने बच्चों द्वारा दुर्गा स्तुति और भजन प्रस्तुतियों से हुई, जिसने सभी का मन मोह लिया। इसके बाद नर्सरी से कक्षा-दूसरी तक के विद्यार्थियों ने रामायण पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत किया। भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और रावण के जीवंत पात्रों ने मंच पर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, बच्चों ने माँ दुर्गा के नवरूपों और रामायण के प्रमुख पात्रों का रैम्प वॉक कर उत्साह बढ़ाया।
बाल-वाटिका की शिक्षिकाओं ने दशहरा पर्व के महत्व को समझाते हुए बच्चों को संदेश दिया कि यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने रामायण से प्रेरणा लेकर आदर्श, मर्यादा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी दी।
इस अवसर पर समूह नृत्य, गरबा नृत्य और शिक्षक-शिक्षिकाओं की विशेष प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘रावण दहन’ की झांकी रही। रावण दहन से पूर्व बच्चों ने “जय श्रीराम” के नारे लगाए और रावण का प्रतीकात्मक दहन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया।
अंत में प्राचार्या श्रीमती सोनाली सिंह एवं संस्था संचालक आलोक अग्रवाल ने नवरात्रि और विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती सरिता प्रधान एवं बाल-वाटिका की समस्त शिक्षिकाओं द्वारा किया गया।
विजया दशमी की अग्रिम शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।