
ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने खाया जहर, राजनांदगांव से महिला आरोपी गिरफ्तार, निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर मांग रही थी पैसे, इंस्टाग्राम पर फोटो डालने की दी थी चेतावनी
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 07 जून 2026। अकलतरा पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए राजनांदगांव निवासी एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला पर एक युवक को उसके निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग करने का आरोप है। मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
क्या है पूरा मामला?
अकलतरा थाना क्षेत्र के एक युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि राजनांदगांव जिले की एक महिला उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। शिकायत के अनुसार महिला ने युवक के निजी और आपत्तिजनक फोटो उसके मोबाइल तथा परिवार के सदस्यों के मोबाइल पर भेजे और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी। इसके बदले महिला द्वारा पैसों की मांग की जा रही थी।
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि महिला ने चेतावनी दी थी कि यदि उसकी मांग पूरी नहीं की गई तो वह फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर देगी। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के कारण युवक ने कीटनाशक पी लिया।
7 दिनों से अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार युवक पिछले सात दिनों से बिलासपुर के एक अस्पताल में उपचाराधीन है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
12 से 15 दिनों से चल रही थी ब्लैकमेलिंग
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि युवक और महिला एक-दूसरे को पहले से जानते थे। लगभग 12 से 15 दिन पहले महिला ने युवक के निजी फोटो उसके और उसके परिजनों के मोबाइल नंबरों पर भेजकर ब्लैकमेल करना शुरू किया था। आरोपी लगातार पैसे मांग रही थी और मांग पूरी नहीं होने पर फोटो वायरल करने की धमकी दे रही थी।
व्हाट्सएप चैट और मोबाइल बने अहम सबूत
मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम राजनांदगांव पहुंची और आरोपी महिला को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसके कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस को मोबाइल में मौजूद व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में की गई। मामले की जांच और गिरफ्तारी में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे तथा आरक्षक राजा रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया, मोबाइल या अन्य डिजिटल माध्यमों से ब्लैकमेलिंग, धमकी या साइबर अपराध का शिकार हो रहा है, तो वह तुरंत पुलिस को सूचना दे। समय रहते शिकायत करने से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई संभव हो सकती है।