Advertisment
Advertisment
खेल

टी20 टीम में बड़ा बदलाव: सूर्यकुमार यादव बाहर, श्रेयस अय्यर बने कप्तान; 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को पहली बार मौका

NTN REPORT// भारत के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे की टी20 सीरीज तथा एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का चयन कर लिया गया है। चयन समिति के फैसलों ने कई बड़े संकेत दिए हैं। सबसे बड़ा फैसला टी20 विश्व कप 2026 विजेता कप्तान सूर्य कुमार को टीम से बाहर रखने का रहा। उनकी जगह को टीम की कमान श्रेयस अय्यर सौंपी गई है। वहीं 15 वर्षीय बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी  को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में शामिल किया गया है।

प्रतीकात्मक एआई तस्वीर

श्रेयस अय्यर को मिली कप्तानी की जिम्मेदारी

चयनकर्ताओं ने टी20 टीम की कमान श्रेयस अय्यर को सौंपकर भविष्य की रणनीति का संकेत दिया है। अय्यर ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला वर्ष 2023 में खेला था, लेकिन घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टीम में वापसी की है।

आईपीएल 2026 में अय्यर ने 14 मैचों में 498 रन बनाए। कप्तान के रूप में उनका रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है। उनकी अगुवाई में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2024 में खिताब जीता, जबकि पंजाब किंग्स 2025 में फाइनल तक पहुंची। इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल को भी फाइनल तक पहुंचा चुके हैं। इसी नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें कप्तानी सौंपी गई है।

तिलक वर्मा बने उप-कप्तान, युवा नेतृत्व पर जोर

टीम प्रबंधन ने उप-कप्तानी की जिम्मेदारी तिलक वर्मा को दी है। उन्होंने अक्षर पटेल की जगह ली है। इस फैसले को भविष्य के नेतृत्व निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि चयनकर्ता लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 और आगामी टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए युवा नेतृत्व तैयार करना चाहते हैं।

वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक एंट्री

टीम चयन की सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर रही। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 मैचों में 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की।

वैभव ने पूरे सीजन में 72 छक्के लगाए और एक सीजन में सबसे अधिक छक्कों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इससे पहले अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में शतक जड़कर उन्होंने भारत को खिताब दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब उन्हें पहली बार भारतीय सीनियर टीम में मौका मिला है।

हार्दिक पंड्या और रिंकू सिंह बाहर

चयनकर्ताओं ने स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स तीनों टीमों से बाहर रखा है। माना जा रहा है कि उन्हें वनडे क्रिकेट और 2027 विश्व कप की तैयारियों पर फोकस करने का अवसर दिया जा रहा है।

आईपीएल 2026 के दौरान हार्दिक पीठ की चोट से भी जूझे थे, हालांकि अब उन्हें फिटनेस क्लियरेंस मिल चुकी है।

वहीं मध्यक्रम बल्लेबाज रिंकू सिंह को भी टीम में जगह नहीं मिली। हालिया फॉर्म को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें बाहर रखने का फैसला किया है।

बुमराह को आराम, प्रिंस यादव को मिला मौका

तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से आराम दिया गया है। हालांकि वह एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। चयनकर्ताओं ने यह फैसला उनके वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए लिया है।

दूसरी ओर आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को पहली बार भारतीय टी20 टीम में जगह मिली है। उन्होंने आईपीएल में 14 मैचों में 16 विकेट हासिल किए थे।

भुवनेश्वर कुमार को फिर किया गया नजरअंदाज

अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में 28 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल नहीं किया। इससे साफ संकेत मिलता है कि फिलहाल राष्ट्रीय टीम में उनकी वापसी की संभावनाएं कम हैं।

आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम

  • श्रेयस अय्यर (कप्तान)
  • तिलक वर्मा (उप-कप्तान)
  • रवि बिश्नोई
  • अभिषेक शर्मा
  • नीतीश कुमार रेड्डी
  • मोहम्मद सिराज
  • संजू सैमसन
  • अक्षर पटेल
  • हर्षित राणा
  • ईशान किशन
  • वॉशिंगटन सुंदर
  • अर्शदीप सिंह
  • शिवम दुबे
  • वरुण चक्रवर्ती
  • प्रिंस यादव
  • वैभव सूर्यवंशी

एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम

  • श्रेयस अय्यर (कप्तान)
  • तिलक वर्मा (उप-कप्तान)
  • रवि बिश्नोई
  • अभिषेक शर्मा
  • नीतीश कुमार रेड्डी
  • जसप्रीत बुमराह
  • संजू सैमसन
  • अक्षर पटेल
  • हर्षित राणा
  • ईशान किशन
  • वॉशिंगटन सुंदर
  • अर्शदीप सिंह
  • शिवम दुबे
  • वरुण चक्रवर्ती
  • वैभव सूर्यवंशी

चयन से मिले बड़े संकेत

  • सूर्यकुमार यादव को बाहर कर चयनकर्ताओं ने नई टी20 रणनीति का संकेत दिया है।
  • श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाकर नेतृत्व का नया चेहरा सामने लाया गया है।
  • तिलक वर्मा को उप-कप्तानी देकर भविष्य के नेतृत्व की तैयारी शुरू कर दी गई है।
  • वैभव सूर्यवंशी को मौका देकर युवा प्रतिभाओं पर भरोसा जताया गया है।
  • हार्दिक पंड्या को टी20 टीम से दूर रखकर वनडे और 2027 विश्व कप पर फोकस की रणनीति दिखाई गई है।
  • जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट को प्राथमिकता दी गई है।

यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!