Advertisment
छत्तीसगढ़

भोरमदेव मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

NTN REPORT// कवर्धा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आमंत्रण पर विश्वप्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय भी उनके साथ उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धापूर्वक सहभागिता करते हुए भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भोरमदेव मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जो प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर गौरव प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ-साथ सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास कर रही है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी सुदृढ़ हो रही है।

मुख्यमंत्री का यह दौरा उनकी गहरी आस्था, छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान तथा समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा दिए गए आमंत्रण को स्वीकार कर उनके बीच पहुंचने की संवेदनशीलता का परिचायक रहा। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

डिस्क्लेमर: यह समाचार विभिन्न सार्वजनिक स्रोतों एवं प्राप्त जानकारी पर आधारित है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!