
छत्तीसगढ़ का 1.72 लाख करोड़ का बजट विकास, उद्योग और जनकल्याण का रोडमैप: अमर सुल्तानिया
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रस्तुत लगभग 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के बजट को विकासोन्मुख और जनहितकारी बताते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जशपुर जिला संगठन प्रभारी अमर सुल्तानिया ने इसे प्रदेश के भविष्य को सशक्त आधार देने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य की आर्थिक मजबूती, औद्योगिक विस्तार और सामाजिक सुरक्षा को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
सुल्तानिया ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा, मुख्यमंत्री के नेतृत्व तथा वित्त मंत्री की दूरदृष्टि में प्रस्तुत यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को समर्पित है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में जहां बजट लगभग 5,700 करोड़ रुपये था, वहीं अब यह बढ़कर 1.72 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो लगभग 30 गुना वृद्धि को दर्शाता है।
उद्योग और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
अमर सुल्तानिया ने कहा कि बजट में 23 नए उद्योगों के साथ उद्योग पार्क विकसित करने की घोषणा राज्य के औद्योगिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और युवाओं को अपने ही प्रदेश में बेहतर भविष्य मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य छत्तीसगढ़ को औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान
सुल्तानिया ने बताया कि सिरपुर में रिवर फ्रंट और मेडिटेशन सेंटर के निर्माण की योजना सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इससे राज्य की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बेटियों और किसानों के लिए संवेदनशील पहल
उन्होंने बजट में बेटियों के लिए डेढ़ लाख रुपये तक की सहायता तथा किसानों को ब्याज मुक्त ऋण देने की घोषणा को सरकार की संवेदनशील सोच का उदाहरण बताया। सुल्तानिया ने कहा कि यह निर्णय ग्रामीण परिवारों, किसानों और जरूरतमंद वर्गों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
समग्र विकास का खाका
अमर सुल्तानिया ने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने का विस्तृत रोडमैप है। सड़क, उद्योग, शिक्षा, कृषि और सामाजिक योजनाओं को समान रूप से प्राथमिकता दी गई है, जिससे संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में यह बजट प्रदेश को नई विकास गति देगा और आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।