Advertisment
Advertisment
अपराधस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

उप निरीक्षक व सहायक उप निरीक्षक 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

NTN REPORT// अंबिकापुर/कोरिया। कोरिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एक प्रकरण की जांच में राहत देने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले उप निरीक्षक एवं सहायक उप निरीक्षक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

प्रकरण का विवरण

प्रार्थी सत्येन्द्र कुमार प्रजापति के घर निर्माण के लिए ईंट बनाने का कार्य मजदूर मोहित घसिया द्वारा किया जा रहा था। कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में पानी भर जाने से मोहित घसिया के बेटे की डूबने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना की जांच पुलिस चौकी बचरापोड़ी में की जा रही थी।

आरोप है कि जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव ने प्रार्थी को आपराधिक प्रकरण दर्ज न करने एवं केस को कमजोर करने के एवज में 21 फरवरी 2026 को 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत के सत्यापन के दौरान 22 फरवरी 2026 को 25 हजार रुपये में सौदा तय किया गया।

एसीबी की कार्रवाई

इस बीच सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव का स्थानांतरण हो गया। इसके बाद चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ ने 23 फरवरी 2026 को प्रार्थी को रिश्वत की राशि लेकर 24 फरवरी 2026 को चौकी बुलाया।

योजना के तहत एसीबी अंबिकापुर की टीम ने 24 फरवरी 2026 को उप निरीक्षक अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। मामले में रिश्वत मांगने के आरोप में सहायक उप निरीक्षक गुरु प्रसाद यादव को भी गिरफ्तार किया गया।

कानूनी कार्रवाई

दोनों आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 एवं 12 के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसीबी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त संदेश गया है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!