
₹1.72 लाख करोड़ का ‘संकल्प’ बजट पेश, कृषि, महिला सशक्तिकरण और युवाओं पर विशेष फोकस
NTN NEWS REPORT// वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹1.72 लाख करोड़ का महत्वाकांक्षी बजट पेश किया गया है। इस बजट को “संकल्प” के रूप में प्रस्तुत करते हुए सरकार ने सामावेशी विकास, निवेश प्रोत्साहन, बुनियादी ढांचा विस्तार और कौशल विकास को प्राथमिकता दी है। बजट में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण, जल संसाधन, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
कृषि क्षेत्र को मजबूती : कृषक उन्नति योजना के लिए ₹10,000 करोड़
कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कृषक उन्नति योजना के लिए ₹10,000 करोड़ का आवंटन किया गया है। इस योजना के माध्यम से किसानों की आय वृद्धि, आधुनिक कृषि तकनीक को बढ़ावा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के किसानों को आत्मनिर्भर बनाते हुए कृषि क्षेत्र में स्थायी विकास सुनिश्चित किया जाए।
‘रानी दुर्गावती योजना’ : 18 वर्ष की आयु पर ₹1.5 लाख का प्रावधान
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘रानी दुर्गावती योजना’ के अंतर्गत 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर पात्र बालिकाओं को ₹1.5 लाख की राशि प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करना है।
महिला संपत्ति खरीद पर 50% रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संपत्ति क्रय पर 50% रजिस्ट्रेशन शुल्क में छूट देने की घोषणा की गई है। इससे महिलाओं को संपत्ति में स्वामित्व बढ़ाने और वित्तीय स्वतंत्रता प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
जांजगीर-चांपा में मेडिकल कॉलेज का प्रावधान
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत जांजगीर-चांपा जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। इससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा का अवसर मिलेगा।
युवाओं के लिए ‘उड़ान’ और ‘शिखर’ योजना
युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए ‘उड़ान’ और ‘शिखर’ योजनाएं लागू की गई हैं।
- उड़ान योजना के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले प्रतिभागियों को सहायता प्रदान की जाएगी।
- शिखर योजना के अंतर्गत यूपीएससी जैसी उच्च स्तरीय परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को विशेष मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त बैंकिंग सेक्टर की तैयारी करने वाले युवाओं को भी प्रोत्साहन और सहयोग दिया जाएगा।
‘लखपति दीदी भ्रमण योजना’ की नई शुरुआत
महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘लखपति दीदी भ्रमण योजना’ की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत महिलाओं को सफल उद्यमों और मॉडल परियोजनाओं का भ्रमण कराकर स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला भाजपा प्रवक्ता ने बताया जनहितैषी बजट
जिला जांजगीर-चांपा भाजपा के प्रवक्ता विकास शर्मा ने इस बजट को जनहितैषी और दूरदर्शी बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को साकार करता है। विशेष रूप से कृषक उन्नति योजना, महिला संपत्ति पंजीयन में 50 प्रतिशत छूट तथा युवाओं के लिए उड़ान एवं शिखर योजना को उन्होंने प्रदेश के भविष्य को मजबूत करने वाला कदम बताया।
विकास शर्मा ने कहा कि जांजगीर-चांपा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का प्रावधान जिले के लिए ऐतिहासिक निर्णय है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा और स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के अवसर मिलेंगे।
स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान
बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, लोक निर्माण विभाग और जल संसाधन विभाग के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। बुनियादी ढांचे के विकास, सड़क निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं और शैक्षणिक संस्थानों के उन्नयन पर सरकार का विशेष फोकस रहेगा।
समावेशी विकास का संकल्प
यह बजट समावेशी विकास की अवधारणा पर आधारित है, जिसमें किसान, महिला, युवा और आम नागरिक सभी को केंद्र में रखा गया है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत यह बजट प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।