Advertisment
Advertisment
जांजगीर-चांपाराजनीतिस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

सनातन सम्मान के लिए सड़क पर उतरा भाजयुमो, भूपेश बघेल व टी.एस. सिंह देव का पुतला दहन

कांग्रेस पर भगवान श्रीराम, साधु-संतों और सनातन पर लगातार अपमान का आरोप

NTN NEWS REPORT// रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शुक्रवार को प्रदेशभर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं टी.एस. सिंह देव का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी के नेता लगातार सनातन धर्म, भगवान श्रीराम और साधु-संतों का अपमान करते आ रहे हैं।

इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई कांग्रेसी नेताओं ने समय-समय पर सनातन धर्म का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा एवं पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विरुद्ध कांग्रेस नेताओं द्वारा किया जा रहा विरोध यह दर्शाता है कि यह किसी सोची-समझी स्क्रिप्ट के तहत किया जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष टिकरिहा ने कहा कि जब रामसेतु का मुद्दा सामने आया, तब कांग्रेस नेताओं ने उसे काल्पनिक बताया। भगवान श्रीराम को भी कांग्रेस द्वारा काल्पनिक कहे जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद आमंत्रण मिलने के बावजूद भी गांधी परिवार दर्शन के लिए नहीं गया, जो उनकी मानसिकता को उजागर करता है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेताओं ने लगातार हमारे मान-बिंदुओं, आस्था और साधु-संतों का अपमान किया है। पंडित प्रदीप मिश्रा के प्रवचनों में शिवभक्ति के लिए गांव-गांव, गली-गली से आबाल-वृद्ध नर-नारी उमड़ पड़ते हैं। वहीं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने सनातन धर्म को जागृत करने का कार्य किया है, जिस पर हम सभी को गर्व है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग धर्मांतरण कराने वालों से दिल्ली में मिलकर उन्हें संरक्षण देते हैं, उन्हें सनातन धर्म और हमारे साधु-संतों पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सनातन विरोध की राजनीति के चलते कांग्रेस पार्टी आज कुछ राज्यों तक सिमट कर रह गई है और आने वाले समय में उसका अस्तित्व और कमजोर होगा।

भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही साधु-संतों एवं सनातन परंपरा की विरोधी रही है और यही उसके पतन का प्रमुख कारण है। भारत साधु-संतों का देश है और उनका अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र देवांगन, जिला महामंत्री नंदनी राजवाड़े, हितेश यादव, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, आशु गोस्वामी, मोहन यादव, रवि पाण्डेय, विकास शर्मा, राकेश रूपवानी सहित अनेक मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!