
जांजगीर-चांपा में नाबालिग वाहन चालकों पर पुलिस का बड़ा अभियान, एक ही दिन में 21 नाबालिग पकड़े गए, ₹25 हजार का समन शुल्क वसूला
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 4 अगस्त। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने मंगलवार को नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान एक ही दिन में 21 नाबालिग वाहन चालकों को वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹25,000 का समन शुल्क वसूला गया। साथ ही उनके अभिभावकों को भविष्य में नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की सख्त समझाइश दी गई।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यातायात पुलिस, अकलतरा पुलिस एवं बलौदा पुलिस ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न स्कूलों के आसपास तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन जांच अभियान चलाया।
अकलतरा, बलौदा और जांजगीर में हुई कार्रवाई
जांच के दौरान अकलतरा पुलिस ने 7, बलौदा पुलिस ने 10 तथा यातायात पुलिस ने 4 नाबालिग वाहन चालकों को वाहन चलाते हुए पकड़ा। सभी मामलों में नियमानुसार मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई कर समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने नाबालिगों के अभिभावकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी कि वे अपने बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि यह कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकता है।
सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना उनके स्वयं के जीवन के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने जिले के सभी अभिभावकों और नागरिकों से अपील की है कि—
- नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने के लिए न दें।
- वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
- मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाएं।
- निर्धारित गति सीमा का पालन करें।
- बच्चों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाएं।
इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस विशेष अभियान में यातायात पुलिस के साथ थाना प्रभारी अकलतरा जयकुमार साहू एवं थाना प्रभारी बलौदा मनोहर सिन्हा सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिनके सहयोग से अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया गया।