Advertisment
अपराधजांजगीर-चांपा

चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर फैला रहे थे दहशत, जांजगीर कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को दबोचा

NTN REPORT// जांजगीर। शहर के व्यस्त शारदा चौक क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो से नकली पिस्टल और तलवार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले दो युवकों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक नकली पिस्टल, एक चापड़ (तलवारनुमा हथियार) तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई है।

पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना, तत्काल की गई घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में सिटी कोतवाली पुलिस की टीम पेट्रोलिंग पर निकली थी।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक स्कॉर्पियो वाहन में सवार होकर शारदा चौक के पास मुख्य मार्ग पर नकली पिस्टल और तलवार लहराते हुए लोगों को भयभीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।

तलाशी में नकली पिस्टल और चापड़ बरामद

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सोहन उर्फ साहिल सिंह पांडू (22 वर्ष), निवासी ग्राम भदौरा, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर तथा निखिल बाधड़े (21 वर्ष), निवासी ग्राम भनेसर, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के रूप में बताई।

तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक नकली क्रिस्टल पिस्टल तथा एक चापड़ बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा इन हथियारों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों हथियारों के साथ घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया गया।

आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस की नागरिकों से अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की हरकत अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली कोई घटना दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!