
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर गला रेतने की कोशिश, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
NTN NEWS REPORT// चांपा। शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर हुए विवाद में धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने पीड़ित के गले पर चाकू से प्राणघातक हमला कर मौके से फरार हो गया था।
घटना का संक्षिप्त विवरण : प्रार्थी मंगलुराम यादव, निवासी ग्राम बहेराडीह, ने दिनांक 29.12.25 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शाम करीब 4:30 बजे तेली तालाब की ओर दिशा मैदान गया था। लौटते समय उसकी मुलाकात पड़ोसी ओम प्रकाश यादव से हुई, जो अपनी गाय खोजने निकला था।
इसी दौरान आरोपी ओम प्रकाश यादव ने प्रार्थी से शराब पीने के लिए कहा। मना करने पर आरोपी ने पहले धमकी दी और फिर शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगा। इसी बात को लेकर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे चाकू से प्रार्थी के गले पर हत्या की नीयत से प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी के गले से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
त्वरित पुलिस कार्रवाई : मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चांपा में तत्काल हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की सूचना पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप एवं एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी ओम प्रकाश यादव पिता रामचरण यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम बहेराडीह स्कूलपारा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी पहले गुमराह करता रहा, किंतु कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू जप्त किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान : इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा) एवं थाना के बल का विशेष योगदान रहा। जांजगीर-चांपा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक गंभीर अपराध का खुलासा, कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों को सख्त संदेश।