
NTN NEWS REPORT// रायपुर। उरला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुम्हारी स्थित एक औद्योगिक इकाई में आपसी झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक कर्मचारी की जान चली गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी विकास कुमार अग्रवाल ने थाना उरला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 6 अप्रैल 2026 को ग्राम कुम्हारी स्थित गर्ग एग्रो इंडस्ट्रीज एवं कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत संतोष सोनवानी और रमाकांत तिवारी के बीच वाल्व बंद करने को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा बढ़ने पर अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
विवाद के बाद संतोष सोनवानी अपने विश्राम स्थल पर सोने चला गया। इसी दौरान रमाकांत तिवारी ने आपसी झगड़े से आक्रोशित होकर पास में रखे पाना (रिंच) से संतोष सोनवानी पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल संतोष सोनवानी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना उरला में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 126/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई और अंततः आरोपी रमाकांत तिवारी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने आवेश में आकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक नग पाना जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी रमाकांत तिवारी, पिता रामकुमार तिवारी, उम्र 60 वर्ष, निवासी ग्राम मझियारकला, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना (मध्यप्रदेश) का रहने वाला है।