
NTN NEWS REPORT// रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भाठागांव में पशु के साथ क्रूरता एवं अनाचार के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।डीसीपी–पश्चिम जोन के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने शिकायत मिलते ही तत्काल संज्ञान लेकर विधिसम्मत कदम उठाए।
शिकायत मिलते ही दर्ज हुआ अपराध
पुलिस के अनुसार, भाठागांव क्षेत्र से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति द्वारा पशु के साथ क्रूरता एवं अनाचार किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 153/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
वीडियो फुटेज से हुई पहचान
जांच के दौरान पुलिस को घटना से संबंधित वीडियो फुटेज एवं अन्य साक्ष्य प्राप्त हुए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान होरी लाल सोनकर उर्फ गोगा (उम्र 26 वर्ष), निवासी सोनकर पारा, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर के रूप में की गई।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इन धाराओं के तहत कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पशु क्रूरता जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।