
पैसा डबल करने का झांसा देकर 18 लाख की ठगी, जमीन-शेयर मार्केट निवेश के नाम पर आरोपी गिरफ्तार
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में “पैसा डबल” करने का लालच देकर 18 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी लोगों को जमीन खरीदी-बिक्री में पार्टनरशिप और शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर झांसा देकर रकम ऐंठता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। मामले की जांच पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी द्वारा की जा रही थी।
आर्थिक परेशानी का फायदा उठाकर रचा ठगी का खेल
पुलिस के मुताबिक आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर (38 वर्ष), निवासी कटौद थाना नवागढ़, हाल मुकाम पामगढ़, इलेक्ट्रॉनिक दुकान संचालित करता है। आरोपी ने ग्राम चेउडीह तहसील पामगढ़ निवासी कार्तिकेश्वर रात्रे को निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने प्रार्थी को जमीन खरीदी-बिक्री में साझेदारी और शेयर मार्केट में पैसा लगाने का लालच दिया। आरोपी की बातों में आकर प्रार्थी ने फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और नगद मिलाकर कुल 18 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।
बताया जा रहा है कि रकम की व्यवस्था करने के लिए प्रार्थी ने अपना खेत तक गिरवी रख दिया था और परिचितों से भी पैसे उधार लिए थे।
लगातार बहाने बनाता रहा आरोपी
रकम लेने के बाद आरोपी विरेन्द्र कुमार दिवाकर लगातार जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसे होने का बहाना बनाता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी न तो निवेश का कोई लाभ मिला और न ही प्रार्थी की रकम वापस की गई।
खुद को ठगा महसूस होने पर प्रार्थी ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर 20 मई 2026 को आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस टीम ने पामगढ़ से किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पामगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बेदराम पटेल, विनोद मनहर एवं थाना पामगढ़ स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि “पैसा डबल” करने, फर्जी निवेश योजनाओं और अधिक मुनाफे का लालच देने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी निवेश से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें और बिना सत्यापन के किसी को रकम न दें।