
पोस्ट ऑफिस में 19.21 लाख का गबन, सहायक डाकपाल गिरफ्तार, शेयर मार्केट और जुए की लत ने बनाया आरोपी, ग्राहकों के खातों से निकाल लिए लाखों रुपये
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा पोस्ट ऑफिस में लाखों रुपये के गबन और धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। अकलतरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पोस्ट ऑफिस में पदस्थ सहायक डाकपाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर खाताधारकों के खातों से फर्जी तरीके से रकम निकालकर कुल 19 लाख 21 हजार रुपये का गबन करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शेयर मार्केट में लगातार नुकसान और जुए की लत के कारण भारी कर्ज में डूब गया था। इसी दबाव में उसने ग्राहकों के खातों से रकम निकालकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया।
संयुक्त जांच टीम में हुआ बड़ा खुलासा
मामले की जांच के लिए गठित संयुक्त जांच टीम ने अकलतरा डाकघर के रिकॉर्ड की जांच की। जांच में पता चला कि आरोपी ने फर्जी तरीके से कई खाताधारकों के खातों से रकम निकाली।
जांच के दौरान चार अलग-अलग खाताधारकों के खातों से कुल 19.21 लाख रुपये निकालने की पुष्टि हुई। पीड़ित खाताधारकों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
20 लाख से ज्यादा कर्ज में डूबा था आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पर पहले से करीब 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज था। वह लंबे समय से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रहा था और लगातार नुकसान झेल रहा था।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने वर्ष 2021 से शेयर मार्केट में निवेश शुरू किया था। नुकसान बढ़ने पर उसने अलग-अलग बैंकों से करीब 12 लाख रुपये का लोन लिया। इसके अलावा पोस्ट ऑफिस विभाग से भी लगभग 12 लाख रुपये का ऋण लिया था।
इसके बावजूद नुकसान जारी रहने पर आरोपी ने ग्राहकों के फर्जी खाते खोलकर रकम निकालनी शुरू कर दी।
शेयर मार्केट और जुए में उड़ाए पैसे
पुलिस के अनुसार आरोपी ने ग्राहकों के खातों से निकाली गई रकम का उपयोग लोन की किस्त चुकाने, शेयर मार्केट में निवेश करने और जुआ खेलने में किया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साथ ही शेयर ट्रेडिंग एप्लीकेशन “Groww” और “Angel One” डिमैट अकाउंट के स्टेटमेंट भी जब्त किए गए। दस्तावेजों की जांच में करीब 40 लाख रुपये शेयर मार्केट में गंवाने की जानकारी सामने आई है।
आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष), निवासी बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार कर लिया है। दस्तावेजों और बैंक स्टेटमेंट की जांच में गबन और धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा सहित अकलतरा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले की आगे भी विस्तृत जांच कर रही है।