
02 फरवरी को जांजगीर सहित जिलेभर में लगेगा डाक जीवन बीमा का विशेष शिविर
डाक जीवन बीमा की 142वीं वर्षगांठ पर भारतीय डाक विभाग की पहल, ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी बीमा सुविधा
NTN NEWS REPORT// जांजगीर-चांपा। भारतीय डाक विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी डाक जीवन बीमा योजना की स्थापना की 142वीं वर्षगांठ के अवसर पर 02 फरवरी 2026 को जांजगीर जिले में विशेष डाक जीवन बीमा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर का उद्देश्य आमजन को डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजनाओं से जोड़ना और बीमा संबंधी सेवाओं को सरलता से उपलब्ध कराना है।
यह विशेष शिविर कचहरी चौक स्थित प्रधान डाकघर जांजगीर के साथ-साथ मुख्य डाकघर अकलतरा एवं उपडाकघर बलौदा, पामगढ़, खरौद, शिवरीनारायण, लछनपुर, नारियरा और गोपालनगर में आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जांजगीर जिले के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों की प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर स्थित शाखा डाकघरों में भी ग्रामीण डाक जीवन बीमा हेतु विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
बीमा जागरूकता के लिए निकाली गई रैली
डाक जीवन बीमा योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रधान डाकघर जांजगीर द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन भी किया गया। रैली में उपसंभागीय निरीक्षक (डाक) निखिल गोपाल, पोस्टमास्टर राजेश स्वर्णकार, सहायक पोस्टमास्टर एम.एस. राज सहित नीतीश फिलिप्स, जोगिंदर धृतलहरे, गोपी कुर्रे, समीर गोस्वामी, धीरेंद्र राठौर, पंचराम खुंटे तथा डाकघर के समस्त कर्मचारियों ने सहभागिता की।
शिविर में मिलेंगी ये सुविधाएं
विशेष शिविर के दौरान डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा से संबंधित सभी प्रमुख सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें—
- बीमा योजनाओं की विस्तृत जानकारी
- नए बीमा प्रस्ताव जारी करना
- लेप्स (बंद) पॉलिसियों का पुनर्जीवन (Revival)
- परिपक्व (मैच्योर) पॉलिसियों का भुगतान
- बीमा से संबंधित अन्य सभी आवश्यक कार्य
कम प्रीमियम में अधिक सुरक्षा
डाक जीवन बीमा भारत सरकार द्वारा संचालित एकमात्र सरकारी जीवन बीमा योजना है, जिसमें न्यूनतम प्रीमियम पर उच्चतम बोनस दर के साथ सुरक्षित जीवन बीमा कवरेज प्रदान किया जाता है। यह योजना विशेष रूप से सरकारी, अर्द्धसरकारी कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी मानी जाती है।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क
डाक जीवन बीमा योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी एवं लाभ प्राप्त करने के लिए आमजन अपने निकटतम डाकघर अथवा प्रधान डाकघर जांजगीर में संपर्क कर सकते हैं।