
बूढ़ा तालाब के पास एमडीएमए, पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो वाहन व आईफोन जब्त
NTN REPORT// रायपुर, 16 दिसम्बर 2025। रायपुर पुलिस को मादक पदार्थों एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने बूढ़ा तालाब के पास चारपहिया वाहन में सवार एक युवक को एमडीएमए, पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मादक पदार्थों के साथ-साथ स्कॉर्पियो वाहन, नगदी रकम और आईफोन भी जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 दिसम्बर 2025 को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्रांतर्गत बूढ़ा तालाब के पास एक व्यक्ति चारपहिया वाहन में मादक पदार्थ रखकर उसकी बिक्री करने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर मौके पर दबिश दी गई।
पुलिस टीम द्वारा मुखबिर द्वारा बताए गए वाहन को चिन्हांकित कर रोका गया। वाहन में सवार व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राहुल ठाकुर बताया। संदेह के आधार पर जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें एमडीएमए मादक पदार्थ, एक पिस्टल एवं चार नग जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा।
पुलिस ने आरोपी राहुल ठाकुर को मौके पर ही गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एमडीएमए, 01 पिस्टल, 04 जिंदा कारतूस, स्कॉर्पियो वाहन, नगदी रकम एवं 01 आईफोन जब्त किया। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 348/25 के तहत धारा 21(ए) नारकोटिक एक्ट एवं 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। राहुल ठाकुर वर्ष 2015 में थाना पुरानी बस्ती क्षेत्र से हत्या के प्रयास के मामले में तथा वर्ष 2019 में थाना कोतवाली क्षेत्र से मारपीट के प्रकरण में जेल निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
राहुल ठाकुर, पिता योगेन्द्र ठाकुर, उम्र 29 वर्ष, निवासी खोखोपारा पंकज गार्डन के पास, थाना पुरानी बस्ती, रायपुर।