Advertisment
Advertisment
अपराधस्थानीय समाचार / शहर की खबरें

सूरजपुर में भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा: उप तहसील कार्यालय जरही का बाबू 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

NTN REPORT// सूरजपुर, 16 दिसंबर 2025। जिला सूरजपुर के उप तहसील कार्यालय जरही में भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए उप तहसील कार्यालय जरही में पदस्थ बाबू लोचन राम सोरी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी रमेश राजवाड़े, निवासी ग्राम कोटया, तहसील प्रतापपुर, जिला सूरजपुर ने एंटी करप्शन ब्यूरो, अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनका कच्चा आवासीय मकान इस वर्ष हुई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसकी क्षतिपूर्ति/मुआवजा राशि प्राप्त करने हेतु उन्होंने उप तहसील कार्यालय जरही में आवेदन प्रस्तुत किया था।

आवेदन के संबंध में जब प्रार्थी की मुलाकात उप तहसील कार्यालय जरही में पदस्थ बाबू लोचन राम सोरी से हुई, तब आरोपी द्वारा मुआवजा राशि स्वीकृत कराने के एवज में कुल 80,000 रुपये की राशि में से आधी रकम 40,000 रुपये रिश्वत के रूप में मांगी गई। इसी दौरान आरोपी ने 15,000 रुपये की राशि एडवांस के तौर पर पहले ही ले ली थी।

प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था। इसके पश्चात प्रार्थी की शिकायत का सत्यापन किया गया। सत्यापन उपरांत एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा आज दिनांक 16.12.2025 को ट्रैप की कार्रवाई की गई।

ट्रैप के दौरान आरोपी बाबू लोचन राम सोरी को प्रार्थी से शेष बची 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर विधिवत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, पी.सी. एक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एंटी करप्शन ब्यूरो की इस कार्रवाई से शासकीय कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक बार फिर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

Nilesh Tiwari

Editor- NTN Report 📱+91 93298 23355 📧 tnilesh2711@gmail.com
Back to top button
error: Content is protected !!