
शिव महापुराण कथा को लेकर दुर्ग पुलिस अलर्ट, 5 दिवसीय आयोजन हेतु चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था
NTN REPORT// दुर्ग, 16 दिसम्बर 2025। दिनांक 17 दिसम्बर 2025 से 21 दिसम्बर 2025 तक ग्राम नगपुरा में आयोजित होने वाले शिव महापुराण कथा कार्यक्रम को लेकर दुर्ग पुलिस द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रख्यात शिव कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी (सीहोर वाले) के श्रीमुख से आयोजित इस कथा में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से 30 राजपत्रित अधिकारियों सहित लगभग 450 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन कैमरे से सतत निगरानी की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ असामाजिक तत्वों एवं चोरों की गतिविधियों पर नियंत्रण रखने के लिए सादी वर्दी में भी पृथक से पुलिस बल तैनात किया गया है, जो भीड़ में घुल-मिलकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेगा।

कार्यक्रम के एक दिवस पूर्व आज दिनांक 16 दिसम्बर 2025 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन में संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की रिहर्सल की गई, जिसमें भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, आपातकालीन स्थिति से निपटने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के सभी पहलुओं की समीक्षा की गई।
दुर्ग पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें तथा निर्धारित मार्गों एवं निर्देशों का पालन करें, ताकि शिव महापुराण कथा कार्यक्रम श्रद्धा, शांति एवं सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो सके।