
जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : जमीन बिक्री में लाखों की ठगी करने वाला आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार
NTN REPORT// जांजगीर चांपा । जमीन बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को थाना जांजगीर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिर्फ कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी द्वारा कूटरचना कर दूसरे की जमीन को गलत चौहद्दी बताकर बिक्री करने का गंभीर मामला सामने आया था।
कैसे हुआ खुलासा? : प्रार्थी रजत सुल्तानिया निवासी नैला ने थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी सुनील सिंह पिता श्याम सिंह उम्र 39 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06, अनंत बिहार कॉलोनी जांजगीर, ने जांजगीर के कैनाल सिटी के आगे वृंदावन कॉलोनी क्षेत्र में दूसरे की जमीन को दिखाकर फर्जी चौहद्दी तैयार की और रास्ते की जमीन को नियमित भूखंड बताते हुए उसे बेच दिया।
इस मामले पर थाना जांजगीर में दिनांक 21.11.25 को अपराध क्रमांक 1032/25 पंजीबद्ध किया गया तथा धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS के तहत विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई : ठगी के इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में तुरंत कार्रवाई की गई।
थाना जांजगीर पुलिस टीम ने आरोपी की सकुनत पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर विक्रय पत्र में कूटरचना कर रास्ते की जमीन को बेचकर 2,50,000 रुपये प्रार्थी से प्राप्त किए हैं आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
उल्लेखनीय योगदान : इस कार्रवाई में निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, थाना प्रभारी जांजगीर प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा का विशेष योगदान सराहनीय रहा।