
छत्तीसगढ़ को मिला नया महाधिवक्ता: अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक शर्मा को मिली जिम्मेदारी
NTN NEWS REPORT// रायपुर/बिलासपुर। राज्य शासन ने बिलासपुर हाई कोर्ट में अपनी ओर से पक्ष रखने के लिए नया महाधिवक्ता नियुक्त कर दिया है। विधि एवं विधायी विभाग ने अतिरिक्त महाधिवक्ता विवेक शर्मा को छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता के पद पर नियुक्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है।

विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव सुषमा सावंत द्वारा जारी आदेश में उल्लेख है कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 165(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए छत्तीसगढ़ के राज्यपाल ने विवेक शर्मा, अतिरिक्त महाधिवक्ता बिलासपुर, को उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है।

पूर्व महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन भारत के इस्तीफा स्वीकार करने के साथ ही शासन ने यह नई नियुक्ति की है। महाधिवक्ता राज्य शासन की ओर से हाई कोर्ट में प्रस्तुत किए जाने वाले सभी मामलों में पक्ष रखते हैं और राज्य की कानूनी रणनीति का नेतृत्व करते हैं।
छत्तीसगढ़ महाधिवक्ता कार्यालय में वर्तमान में छह एडिशनल एडवोकेट जनरल, सात डिप्टी एजी, 12 गवर्नमेंट एडवोकेट, 11 डिप्टी गवर्नमेंट एडवोकेट एवं लगभग 100 पैनल लॉयर कार्यरत हैं। नए महाधिवक्ता की नियुक्ति से प्रदेश की न्यायिक प्रक्रिया में और अधिक मजबूती की उम्मीद की जा रही है।