
जांजगीर-चांपा में विशेष गहन पुनरीक्षण का औचक निरीक्षण कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने प्रगति तेज करने दिए सख्त निर्देश
NTN REPORT// जांजगीर-चांपा, 22 नवम्बर 2025।
विधानसभा जांजगीर-चांपा अंतर्गत चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का आज कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जांजगीर और पेण्ड्री क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से घर-घर जाकर किए जा रहे मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन तथा फॉर्म प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर ने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी से करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि घर-घर सर्वे के दौरान प्राप्त सभी फॉर्म-6 (नाम जोड़ने), फॉर्म-8 (संशोधन) सहित अन्य प्रपत्रों को सही तरीके से संकलित कर समय पर जमा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उन क्षेत्रों की पहचान की, जहाँ प्रगति अपेक्षाकृत कम थी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत अतिरिक्त कर्मचारी तैनात कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य कर रहे बीएलओ की सराहना भी की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पवन कोसमा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।